बेंगलुरु: खेल के मैदान में हार-जीत को लेकर हुए विवाद के बाद एक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। यह घटना बेंगलुरु की है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय प्रशांत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रशांत बेंगलुरु के हेब्बागोडी का रहने वाला था। उसका दोस्त रोशन पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। पिछले रविवार रात प्रशांत और रोशन की क्रिकेट टीम एक स्थानीय टूर्नामेंट में हार गई थी। हार को लेकर दोनों दोस्तों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। उसी रात दोनों एक जगह बैठकर शराब पी रहे थे, जहां टीम की गलतियों को लेकर बहस तेज हो गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई।
एक समय रोशन अपनी कार लेकर वहां से निकलने की कोशिश करने लगा। प्रशांत ने उसे रोकने के लिए चलती कार की बाईं ओर की खिड़की के फ्रेम को पकड़ लिया और उसी से लटका रहा। पुलिस का कहना है कि प्रशांत को कार से लटका हुआ देखकर भी रोशन ने बेहद तेज और लापरवाही से गाड़ी चलानी शुरू कर दी।
करीब 600 मीटर तक इसी हालत में कार चलाने के बाद रोशन ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे एक पेड़ से कार टकरा गई। हादसे में प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में रोशन भी गंभीर रूप से घायल हुआ है और फिलहाल एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। शुरुआत में पुलिस ने इसे एक दुर्घटना माना था लेकिन कार के डैशकैम फुटेज देखने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रशांत की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रोशन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।