बर्दवान स्टेशन पर भयानक दुर्घटना। भारी भीड़ में कुचले जाने से 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालांकि अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं है। रविवार की शाम इस घटना से यात्रियों में रेलवे के प्रति रोष है।
यह पता चला है कि ट्रेन पकड़ने की जल्दी में यात्रियों की भीड़ हो गई थी। उसी समय यह दुर्घटना हुई। हालांकि रेलवे की तरफ से 2 यात्री के घायल होने का दावा किया जा रहा है।
रेल यात्री और रेल पुलिस के अनुसार शाम साढ़े पांच बजे हल्दीबाड़ी एक्सप्रेस प्लेटफ़ॉर्म नंबर 5 पर प्रवेश कर रही थी। उसी समय प्लेटफ़ॉर्म नंबर 4 पर हावड़ा मेन लाइन की लोकल ट्रेन रुकी हुई थी। एक तरफ़ एक्सप्रेस से उतरकर यात्री स्टेशन के ओवरब्रिज से स्टेशन के बाहर जा रहे थे। दूसरी तरफ उसी ओवरब्रिज से हावड़ा लोकल पकड़ने के लिए यात्री प्लेटफ़ॉर्म पर जा रहे थे। ओवरब्रिज की सीढ़ियों पर जगह नहीं थी। सब लोग भगदड़ कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उस समय एक महिला सीढ़ियों पर गिर गईं लेकिन कोई रुकता नहीं। उनके ऊपर से कई लोग उतरने लगे। इस घटना में यात्री चिल्लाने लगे। डर के कारण भगदड़ मच गई। कई यात्री गिर गए। वे गंभीर रूप से घायल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कम से कम 7 से 10 यात्री घायल हुए हैं।
ओवरब्रिज पर अरूप राय भी थे। वह अपनी पत्नी के साथ शक्तिगढ़ जा रहे थे। अरूप की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। अरूप को भी हाथ में चोट लगी है। उन्होंने कहा, 'ट्रेन डाउन से अप लाइन पर आ रही थी। हम लोकल पकड़ने के लिए भाग रहे थे। तभी ओवरब्रिज पर भगदड़ मच गई।' उन्होंने यह भी दावा किया कि भीड़ में कम से कम सात से दस लोग घायल हो गए हैं। फौरन ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची। उन्हीं ने घायल लोगों को बचाया और बर्दवान अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार 2 लोगों की स्थिति गंभीर है। हालांकि, रेलवे पुलिस ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है।