राज्य में SIR की सुनवाई की प्रक्रिया चल रही है। किसी भी मतदाता के एन्यूमरेशन फॉर्म में अगर असमानता दिख रही है या मैपिंग में कोई समस्या नजर आ रही है तो उसे ही चुनाव आयोग सुनवाई का नोटिस भेज रहा है। ऐसा ही एक नोटिस दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर के 1 नंबर ब्लॉक निवासी अनवर हुसैन खान को भी मिला था।
नोटिस में उन्हें आज यानी मंगलवार (27 जनवरी) को सुनवाई केंद्र पर उपस्थित होने के लिए कहा गया था। गौर करने वाली बात यह थी कि 27 जनवरी को अनवर हुसैन खान की शादी भी थी।
सिर्फ दुल्हे मियां अनवर हुसैन खान ही नहीं बल्कि उनकी टीम बाराती के 38 लोगों को भी सुनवाई के लिए बुलाया गया था। आखिरकार जब कोई उपाय नजर नहीं आया तो दुल्हे के गेटअप में ही अनवर हुसैन खान सुनवाई केंद्र में पहुंच गए।
उनके साथ सुनवाई की लाइन में 38 और बाराती भी खड़े हुए। आखिरकार सुनवाई की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद वह अपनी दुल्हन को ब्याहने के लिए गए। अनवर का आरोप है कि SIR की सुनवाई के नाम पर चुनाव आयोग आम लोगों को परेशान कर रही है।
वहीं दुल्हे मियां अनवर हुसैन खान के परिजनों का दावा है कि शादी की तारीख बहुत पहले ही तय हो चुकी थी। सारी तैयारियां भी कर ली गयी थी। इसलिए उस दिन सुनवाई का नोटिस होने के बावजूद शादी की तारीख को बदलना संभव नहीं था। अनवर हुसैन खान ने आरोप लगाते हुए कहा कि मेरे साथ आए 38 लोगों को सुनवाई के लिए बुलाया गया है। हम सब वैध मतदाता हैं। इसके बावजूद चुनाव आयोग हमें परेशान कर रहा है।