वाम जमाने में बना सोदपुर का रेल ओवरब्रिज, जिसने शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़कर रखा है। इस ओवरब्रिज में बड़ी गड़बड़ी सामने आने के बाद आपातकाल में मरम्मत का काम पिछले लगभग 1 माह से किया जा रहा था।
अब तक इस महत्वपूर्ण ओवरब्रिज को वन-वे खुला रखा गया है लेकिन अब यातायात के लिए ओवरब्रिज को मरम्मत के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है। अब ओवरब्रिज के दोनों अंत पर ही मरम्मत का काम शुरू किया गया है।
बैरकपुर पुलिस की ओर से बताया गया है कि गुरुवार की आधी रात से 27 जनवरी की आधी रात तक ओवरब्रिज पूरी तरह बंद रहेगा। इसके लिए ट्रैफिक को नियंत्रित किया किया जाएगा। सोदपुर रेल ओवरब्रिज बहुत जरूरी है क्योंकि यह BT रोड को कल्याणी एक्सप्रेसवे और मध्यमग्राम जेसोर रोड से जोड़ता है।
सोदपुर रेल ब्रिज बंद होने की वजह से घोला और मध्यमग्राम जाने वाली गाड़ियों को घिरजा मोड़ से एकफोर्ड रोड की तरफ मोड़ दिया जाएगा, रेल गेट नंबर 8 को पार करके राश्मोनी मोड़ से कचकल की तरफ मोड़ दिया जाएगा।
मध्यमग्राम से आने वाली गाड़ियों को भी इसी रोड से डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने छोटी गाड़ियों के लिए भी रामचंद्रपुर रोड से जाने का इंतजाम किया है। बैरकपुर पुलिस की ओर से कहा गया है कि लगातार कई दिनों तक सरकारी ऑफिस, स्कूल और कॉलेज में छुट्टियां हैं। इसलिए काम जल्दी पूरा करने के लिए यह फैसला लिया गया है।
बेलघरिया रेल ओवरब्रिज बंद है। इस बार सोदपुर ब्रिज भी बंद किया जा रहा है। इस वजह से BT रोड पर गाड़ियों का दबाव बढ़ेगा। बैरकपुर पुलिस के सीनियर अधिकारी भी सड़क पर रहेंगे ताकि ट्रैफिक जाम गंभीर न हो।