सिलीगुड़ी जंक्शन क्षेत्र में सेना के एक जवान का शव मिलने से सनसनी फैल गयी है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह सिलीगुड़ी जंक्शन क्षेत्र में स्थानीय निवासियों ने एक युवक को पड़ा हुआ देखा। उक्त युवक ने सेना के जवान की वर्दी पहन रखी थी। तुरंत इस बारे में जानकारी स्थानीय थाने को दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाकर शव को बरामद कर लिया।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह साढ़े 4 से 5 बजे तक स्थानीय पेट्रोल पंप के पास सेना के जवान की वर्दी में एक व्यक्ति को सड़क पर पड़ा देखा गया। इलाके के लोगों ने पहले जंक्शन की ट्रैफिक पुलिस को बताया। इसके बाद खबर पाकर घटनास्थल पर प्रधाननगर थाना की पुलिस पहुंची। पुलिस ने आकर शव को बरामद कर सिलीगुड़ी जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार संभवतः वह जवान सिक्किम का था। जिसकी उम्र 40 साल के आसपास बतायी जाती है। जंक्शन के एक टोटो चालक शत्रुघ्न प्रसाद ने बताया कि सुबह शव को पड़ा देखकर संदेह हुआ। उस व्यक्ति के हाथ और पैर में पट्टी बंधी थी। लग रहा था कि वह बीमार था और किसी अस्पताल में भर्ती था। पुलिस की ओर से अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।