पिछले साल का आखिरी दिन यानी 31 दिसंबर 2025 मौसम का शीतलतम दिन था। उस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नए साल के पहले सोमवार को कोलकाता का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो इस साल के शीतलतम दिन का नया रिकॉर्ड बना। सुबह से कोहरा और हल्के बादलों के छाए रहने की वजह से धूप की गर्माहट नहीं मिल सकी। साथ में उत्तरी हवाओं के सितम से तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया।
रविवार को कोलकाता में दिन का तापमान जहां 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था वहीं सोमवार की रात को एक झटके में तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गयी। अलीपुर मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को महानगर कोलकाता का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सिर्फ कोलकाता ही नहीं बल्कि आसपास के उपनगरीय इलाकों में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की रात को बैरकपुर का तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं सॉल्टलेक में तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास और कल्याणी में 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बंगाल में ठंड की तूफानी पारी की वजह?
मिली जानकारी के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय शुष्क और शीतल हवाओं की वजह से ही पश्चिम बंगाल के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले कुछ दिनों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आयी है। बताया जाता है कि मात्र 72 घंटों में कोलकाता में रात का तापमान में लगभग 5 डिग्री लुढ़क गया है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरदुआर, जलपाईगुड़ी, पुरुलिया, बांकुड़ा, मुर्शिदाबाद और पश्चिम बर्धमान जिलों समेत राज्य के 8 जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की गयी है।
कब कितना दर्ज हुआ तापमान?
बुधवार की रात - 11.6 डिग्री सेल्सियस
गुरुवार की रात - 13.1 डिग्री सेल्सियस
शुक्रवार की रात - 14.2 डिग्री सेल्सियस
रविवार की रात - 12.5 डिग्री सेल्सियस
सोमवार की रात - 10.2 डिग्री सेल्सियस
उत्तर बंगाल में बर्फबारी
मौसम विभाग ने पहले ही पूर्वानुमान जारी किया था कि उत्तर बंगाल के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। दार्जिलिंग में तापमान शून्य के करीब लगभग 1.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मानेभंजन, सन्दकफु, घूम समेत राज्य के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जतायी गयी है।
इसके साथ ही उत्तर बंगाल में कोहरे का प्रभाव जारी रहेगा। मुर्शीदाबाद और बीरभूम में मध्यम कोहरा छा सकता है। इसके साथ ही सागरद्वीप, दीघा और डायमंड हार्बर के तटवर्तीय इलाकों में भी घना कोहरा छाएगा।
बता दें, पिछले 21 दिनों से लगातार कोलकाता का अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। वहीं बात अगर देश के दूसरे हिस्सों की करें तो दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में शीतलहर और कड़ाके की ठंड पड़ने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जताया है। ओडिशा, दिल्ली और मध्य प्रदेश में अतिघना कोहरा छाने की संभावना है।