कोलकाताः विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में अपनी नई राज्य कमेटी की घोषणा कर दी है। राज्य अध्यक्ष के रूप में शमीक भट्टाचार्य के कार्यभार संभालने के करीब छह महीने बाद इस कमेटी का ऐलान किया गया है। नई कमेटी में कई अहम बदलाव किए गए हैं और अनेक नए चेहरों को जगह मिली है।
नई कमेटी में अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य के अलावा 12 उपाध्यक्ष, 12 सचिव और 5 महासचिव शामिल हैं। इस तरह कुल 30 सदस्यों की राज्य कमेटी बनाई गई है।
उपाध्यक्ष पद पर ये नाम प्रमुख
उपाध्यक्ष पद पर अग्निमित्रा पाल और जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, जो पहले महासचिव थे, उन्हें पदोन्नत किया गया है। विधायक और महासचिव रहे दीपक बर्मन को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा मनोज टिग्गा को नए चेहरे के तौर पर उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य उपाध्यक्षों में तनुजा चक्रवर्ती, अमिताभ राय, तापस राय और निशीथ प्रमाणिक के नाम शामिल हैं।
महासचिव पद में बदलाव
राज्य भाजपा के पांच महासचिव की सूची में भी कई बदलाव किए गए हैं।
लॉकेट चटर्जी और ज्योतिर्मय सिंह महतो को फिर से महासचिव पद पर बहाल किया गया है।
नए महासचिव के तौर पर बिष्णुपुर के सांसद सौमित्र खां और शशि अग्निहोत्री को शामिल किया गया है।
इसके अलावा बापी गोस्वामी भी महासचिव पद पर बने रहेंगे।
12 सचिवों की सूची
भाजपा की नई राज्य कमेटी में जिन 12 नेताओं को सचिव बनाया गया है, वे हैं—
शंकर घोष, दीपांजन गुहा, सोनाली मुर्मू, मनोज पांडे, अम्लान भादुड़ी, महादेव सरकार, शखारव सरकार, सिंटू सेनापति, शर्वरी मुखोपाध्याय, मोहन शर्मा, विभा मजूमदार और संजय वर्मा।
मोर्चा संगठनों में भी फेरबदल
एसटी मोर्चा के नए अध्यक्ष के रूप में सांसद खगेन मुर्मू को जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले यह पद चार्ल्स नंदी के पास था।
युवा मोर्चा और महिला मोर्चा की जिम्मेदारी क्रमशः इंद्रनील खान और फाल्गुनी पात्र को सौंपी गई है।
वहीं, किसान मोर्चा के अध्यक्ष पद पर महादेव सरकार की जगह अब राजीव भौमिक को नियुक्त किया गया है।
विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की यह नई राज्य कमेटी संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
प्रीतीश बंद्योपाध्याय