दिवाली-काली पूजा के समय बारिश ने तो कोई बाधा नहीं डाली लेकिन क्या भैया दूज पर बारिश होने की कोई संभावना है? क्या कहना है मौसम विभाग का?
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का जो क्षेत्र बना था वह अब उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही वह अति गंभीर निम्न दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित हो रहा है। मौसम विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में निम्न दबाव का यह क्षेत्र तमिलनाडु के तटवर्तीय इलाकों से पुडुचेरी की तरफ बढ़ रहा है। क्या इसका कोई असल पश्चिम बंगाल के मौसम पर भी पड़ने वाला है?
जी नहीं! मौसम विभाग सूत्रों की मानें तो इस निम्न दबाव के क्षेत्र से पश्चिम बंगाल प्रभावित नहीं होगा। गुरुवार को भैया दूज के दिन भी मौसम में कुछ खास परिवर्तन नहीं होगा। बताया जाता है कि इस दिन राज्य के किसी भी इलाके में बारिश होने की कोई संभावना अभी तक नजर नहीं आयी है। आसमान मुख्य तौर पर साफ ही बने रहने की संभावना है। सुबह के समय कुछ जिलों में हल्का कोहरा नजर आ सकता है लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही जल वाष्प की मात्रा अधिक होने की वजह से उमस भी बढ़ेगी। हालांकि सूर्यास्त के बाद मौसम कुछ ठंडा होने की संभावना जतायी गयी है।
कैसा रहेगा दक्षिण और उत्तर बंगाल का मौसम?
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को दक्षिण बंगाल के किसी भी जिले में बारिश होने का पूर्वानुमान नहीं जताया गया है। हालांकि शुक्रवार से मौसम में थोड़ा परिवर्तन हो सकता है। बताया जाता है कि शुक्रवार को दक्षिण 24 परगना जिले में बारिश की संभावना है। वहीं शनिवार को उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर में बारिश हो सकती है। वहीं रविवार और सोमवार को उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और झारग्राम में बारिश होने की संभावना जतायी गयी है।
बात अगर उत्तर बंगाल की करें तो यहां भी सप्ताहांत में ही बारिश होने की संभावना है। शनिवार, रविवार और सोमवार को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कुचबिहार में वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है। गुरुवार को कोलकाता का सर्वोच्य तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जतायी गयी है।