रविवार को होगा कोलकाता मेट्रो के समय में बदलाव, क्यों? कितने बजे से शुरू होगी मेट्रो सेवा?

7 दिसंबर को कोलकाता मेट्रो में विशेष यात्री सेवाएं मिलने वाली हैं। छुट्टी का दिन होने के बावजूद इस दिन मेट्रो की अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध करवायी जाएगी।

By Moumita Bhattacharya

Dec 05, 2025 10:55 IST

अगले रविवार यानी 7 दिसंबर को कोलकाता मेट्रो में विशेष यात्री सेवाएं मिलने वाली हैं। छुट्टी का दिन होने के बावजूद इस दिन मेट्रो की अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध करवायी जाएगी। यह अतिरिक्त मेट्रो सेवा ब्लू व ग्रीन लाइन मेट्रो पर मिलेगी। इस बारे में मेट्रो सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को छुट्टी का दिन होने के बावजूद भोर से ही मेट्रो सेवाएं इन दोनों लाइन पर उपलब्ध करवायी जाएंगी। पर क्यों?

बता दें, रविवार 7 दिसंबर को वेस्ट बंगाल जूडिशियल सर्विस प्रीलिमिनरी की परीक्षा होने वाली है। इसलिए परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ही ब्लू व ग्रीन लाइन पर मेट्रो सेवाओं को अतिरिक्त समय के लिए उपलब्ध करवाने का फैसला लिया गया है।

कोलकाता मेट्रो की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि परीक्षार्थी निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें, इसे सुनिश्चित करने के लिए ही मेट्रो की विशेष सेवाएं उपलब्ध करवाने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही मेट्रो की नयी समय सारणी भी जारी की गयी है जो खासतौर पर रविवार (7 दिसंबर) को ही लागू होगी।

किस लाइन पर कितने बजे से मिलेगी मेट्रो सेवा?

ब्लू लाइन (दक्षिणेश्वर-कवि सुभाष रूट)

7 दिसंबर को दक्षिणेश्वर से कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन के लिए पहली मेट्रो सुबह 8 बजे खुलेगी। कवि सुभाष से दक्षिणेश्वर के लिए पहली मेट्रो सुबह 8.04 बजे खुलेगी। इस रूट पर पूरे दिन में अप व डाउन लाइन को मिलाकर कुल 136 मेट्रो (68 अप और 68 डाउन) का संचालन किया जाएगा।

रविवार को सामान्य के मुकाबले 6 मेट्रो राइड (सामान्य दिनों में 130) ज्यादा चलेंगी। सुबह 8 बजे से 9 बजे तक 20 मिनट के अंतराल पर मेट्रो सेवाएं उपलब्ध होंगी। बताया जाता है कि ब्लू लाइन पर दिन की आखिरी मेट्रो खुलने के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

ग्रीन लाइन (हावड़ा मैदान-सॉल्टलेक सेक्टर 5)

ब्लू लाइन की तरह ही ग्रीन लाइन मेट्रो पर 7 दिसंबर को सुबह 8 बजे से मेट्रो सेवाएं उपलब्ध होने लगेंगी। इस लाइन पर भी सुबह 8 से 9 बजे के बीच 20 मिनट के अंतराल पर ही मेट्रो सेवाएं मिलेंगी। इसके बाद सामान्य अंतराल से ही मेट्रो का संचालन किया जाएगा। सेक्टर 5 से हावड़ा मैदान के लिए पहली मेट्रो सुबह 8 बजे खुलेगी।

हावड़ा मैदान से सेक्टर 5 के लिए पहली मेट्रो भी सुबह 8 बजे ही खुलेगी। बात अगर आखिरी मेट्रो सेवा की करें तो हावड़ा मैदान से सेक्टर 5 के लिए आखिरी मेट्रो रात को 9.45 बजे खुलेगी और सेक्टर 5 से हावड़ा मैदान के लिए आखिरी मेट्रो 9.47 बजे खुलेगी।

Prev Article
राज्य CEO ऑफिस के वरिष्ठ अधिकारी को ही नहीं मिला एन्यूमरेशन फॉर्म, आखिर क्यों?
Next Article
जादवपुर यूनिवर्सिटी ने हाई कोर्ट को बताया - 45 दिनों के अंदर लग जाएंगे CCTV कैमरे

Articles you may like: