आखिरकार कोलकाता व आसपास के उपनगरीय क्षेत्रों का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। 4 दिसंबर को तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। इससे पहले आखिरी बार 9 फरवरी को तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस पर गया था। यानी करीब 299 दिनों बाद कोलकाता के तापमान में इतनी गिरावट दर्ज की गयी है।
उत्तर-पश्चिमी शुष्क व सर्द हवाओं के प्रवेश करने की वजह से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के तापमान में पिछले कुछ दिनों से ही गिरावट दर्ज की जा रही थी। लेकिन बंगाल की खाड़ी में लगातार दो चक्रवाती तूफानों के बनने की वजह से सर्दी मानो रुक सी गयी थी। अब एक बार फिर से पूरे दक्षिण बंगाल में सर्द मौसम ने दस्तक दी है और उत्तरी सर्द हवाएं सक्रिय हो गयी हैं।
मौसम विभाग ने क्या बताया?
अलीपुर मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शीतल हवाएं पहले के मुकाबले अधिक शक्तिशाली होकर दक्षिण बंगाल को लगभग कालिम्पोंग जितनी सर्द बना चुकी है। 4 दिसंबर को कालिम्पोंग का न्यूनतम तापमान जहां 10.8 डिग्री दर्ज किया गया वहीं श्रीनिकेतन का तापमान भी 10.8 डिग्री सेल्सियस ही दर्ज हुआ। लेकिन बात अगर राज्य में सर्वाधिक ठंडी जगह की करें तो वह दार्जिलिंग रहा। दार्जिलिंग का तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जिलों के तापमान में भी तेजी से गिरावट
कोलकाता के साथ-साथ दक्षिण बंगाल के दूसरे जिलों के तापमान में भी तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। श्रीनिकेतन के बाद राज्य भर में समतल में सबसे अधिक ठंडी जगह कल्याणी रही जहां का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अलीपुरदुआर राज्य का तीसरा सबसे ठंडा समतल शहर रहा जहां का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ठंड बढ़नी तो शुरू हो चुकी है लेकिन यह सर्द मौसम कब तक बनी रहेगी?
इस बारे में पूछने पर मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अगले 7 दिनों तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के जिलों में रात के तापमान में कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा। अगले 7 दिनों तक रात के समय का तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बने रहने की संभावना है। वहीं जिलों का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बताया जाता है कि अगले 7 दिनों में कहीं भी बारिश होने की कोई संभावना नहीं है और न ही अगले 7 दिनों के अंदर बंगाल की खाड़ी में कोई नया वेदर सिस्टम बनने की आशंका है।
कहां कितना रहा न्यूनतम तापमान?
*कोलकाता - 15.6 डिग्री सेल्सियस (इस सीजन में पहली बार 15 डिग्री के आसपास पहुंचा तापमान)
*सॉल्टलेक - 16.2 डिग्री सेल्सियस
*दमदम - 15.1 डिग्री सेल्सियस
*बैरकपुर - 15.8 डिग्री सेल्सियस
*दार्जिलिंग - 6.2 डिग्री सेल्सियस (राज्य में सर्वाधिक ठंडी जगह)
*कालिम्पोंग - 10.5 डिग्री सेल्सियस
*श्रीनिकेतन - 10.8 डिग्री सेल्सियस
*कल्याणी - 11.6 डिग्री सेल्सियस
*पुरुलिया - 12.4 डिग्री सेल्सियस
*बांकुड़ा - 12.9 डिग्री सेल्सियस