शाम के व्यस्त समय में ब्लू लाइन मेट्रो में आत्महत्या का प्रयास। मंगलवार की शाम को करीब 6.35 बजे मास्टदा सूर्य सेन मेट्रो स्टेशन पर यह घटना घटी बतायी जाती है। मिली जानकारी के अनुसार एक छात्रा ने मेट्रो के सामने कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना की वजह से महानायक उत्तम कुमार मेट्रो स्टेशन से दक्षिणेश्वर मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं उपलब्ध है।
नेताजी स्टेशन से शहीद खुदीराम तक मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इस वजह से ऑफिस से लौटते समय यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मेट्रो प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार शाम को 7.09 बजे फिर से मेट्रो सेवाएं सामान्य हो गयी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में कई आत्महत्या के प्रयास की घटनाएं घट चुकी हैं। 11 जनवरी को नेताजी भवन मेट्रो स्टेशन पर एक व्यक्ति ने आत्महत्या का प्रयास किया। इसकी वजह से मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुई थी।
उस समय भी आंशिक रूट पर ही मेट्रो का संचालन किया जा रहा था। इस वजह से यात्रियों को खासी समस्या हुी थी। आंशिक रूट पर मेट्रो का संचालन करने के साथ ही प्रत्येक मेट्रो स्टेशन पर अतिरिक्त समय के लिए मेट्रो को रोका जा रहा था।
उससे पहले 29 दिसंबर को दमदम जाने वाली मेट्रो के सामने एक यात्री ने कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। तब भी आंशिक रूट पर मेट्रो का संचालन कर क्रिसमस और नववर्ष पर यात्रियों की हो रही अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित किया गया था।