कोलकाता में एक बार फिर से हुआ शूटआउट। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की देर रात को करीब 11 बजे कसबा के प्रांतिक पल्ली में अभिजीत नइया (18) नामक युवक को निशाना बनाकर गोली चलायी गयी। बताया जाता है कि गोली उसके बाएं हाथ की हथेली में लगी है। घायलावस्था में युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गोलीबारी की इस घटना के बाद महानगर की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर बड़े सवाल उठ रहे हैं।
क्या है पूरा माजरा?
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की देर रात को प्रांतिक पल्ली में दो दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गयी। बताया जाता है कि उसी समय गोलीबारी की यह घटना घटी। जांच अधिकारियों का अनुमान है कि बहस के दौरान अभिजीत के साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति ने ही गोली चलायी होगी। स्थानीय निवासियों का दावा है कि गोली चलने से पहले दोनों के बीच तेज बहस हो रही थी।
नहीं हुई है कोई गिरफ्तारी
घायल अभिजीत को निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक घटनास्थल से पुलिस ने खाने का एक पैकेट और शराब की बोतलें बरामद की है। समाचार लिखे जाने तक इस घटना में किसी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया गया है। हालांकि शूटआउट क्यों हुआ, इसका सटीक कारण अभी तक सामने नहीं आ सका है।
15 नवंबर 2024 को कसबा में गोलीबारी की घटना घटी थी। उस समय वार्ड नंबर 108 के काउंसिलर सुशांत घोष को निशाना बनाकर असामाजिक तत्वों ने गोली चलायी थी। उस घटना के तार बिहार से भी जुड़े थे। उस घटना के एक साल के अंदर ही एक बार फिर से कसबा अशांत हो गया है। गौरतलब है कि इस बार भी यह शूटआउट उनके घर से कुछ सौ मीटर की दूरी पर ही हुआ है। इस घटना के बाद एक बार फिर से सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने शुरू हो चुके हैं।