बेहला के सरशुना थाना क्षेत्र के एक आलिशान हाउसिंग सोसायटी के एक फ्लैट से करोड़ों रूपए के जेवर और नगद चोरी की घटना को कुछ दिनों के अंदर ही पुलिस ने सुलझा लिया। रविवार की रात को लालबाजार के जासूसी विभाग ने हाउसिंग सोसायटी के निवासी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का नाम हर्षवर्धन साउ (19) बताया जाता है।
बताया जाता है कि वह भवानीपुर के एक निजी कॉलेज में बैचलर ऑफ कम्प्यूटर साइंस (बीसीए) का छात्र है। अभियुक्त के पिता गड़ियाहाट इलाके में कोलकाता नगर निगम के लाइसेंस से संबंधित ब्रोकर और कंसल्टेंट का काम कर करते हैं।
सोमवार को गिरफ्तार युवक को अदालत में पेश किया गया जहां अदालत ने उसे 8 फरवरी को पुलिस हिरासत पर भेजने का आदेश दिया है।
लालबाजार सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गत 19 से 23 जनवरी के बीच सरशुना के हो-चि-मिन्ह सरणी की उस आलिशान हाउसिंग सोसायटी के 3 नंबर टावर के एक फ्लैट में चोरी की घटना घटी। शिकायतकर्ता रानी शुक्ला ने सरशुना थाना में अपनी शिकायत दर्ज करते हुए दावा किया कि उनके फ्लैट से बड़ी मात्रा में सोने के गहने, हीरे का मंगलसूत्र और नगर करीब 26 लाख रुपया चोरी हो गया है।
इसके अलावा कई सौ ग्राम वजनी सोने का बिस्कुट, सोने की अंगुठियां, नेकलेस के कई सेट, भारी झुमका, चुरी, ब्रेसलेट समेत कई करोड़ रुपए का सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज करवायी गयी।
इस मामले की जांच की जिम्मेदारी लालबाजार की डकैती दमन शाखा के अधिकारियों ने उठायी। जांच अधिकारियों का अनुमान था कि चोरी की इस घटना में कोई बाहरी नहीं बल्कि हाउसिंग सोसायटी का ही कोई व्यक्ति शामिल है। इसकी जांच करते हुए ही पड़ोस में रहने वाले 19 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
बताया जाता है कि वह उसी हाउसिंग सोसायटी के 3 नंबर टावर के एक फ्लैट में ही रहता था। कॉलेज में पढ़ने वाला एक छात्र इतनी बड़ी चोरी की घटना की योजना कैसे बना ली? क्या इसके पीछे कोई और मददगार था? जांच अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही पुलिस ने बताया कि चोरी गए गहनों इत्यादि को बरामद करने की कोशिशें भी चल रही है।