कोलकाता मेट्रो के ब्लू लाइन पर लगातार बढ़ते आत्महत्या के मामलों के मद्देनजर ऑडियो मैसेज लॉन्च किया है। मिली जानकारी के अनुसार कोलकाता मेट्रो के उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर के अलग-अलग स्टेशनों पर इन संदेशों को बजाया जाएगा, जो लोगों को आत्महत्या से रोकने का प्रयास करेगा।
पिछले लगभग 3 महीनों के दौरान ब्लू लाइन मेट्रो पर हुई कई आत्महत्या की घटनाओं के मद्देनजर इस पहल को एक FM चैनल द्वारा शुरू किया जा रहा है।
प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल नवंबर में 3 लोगों ने मेट्रो के सामने कूदकर आत्महत्या की प्रयास की, दिसंबर में 2, जनवरी में 3 और फरवरी में अब तक 2 लोगों ने मेट्रो के सामने कूदकर जान देने की कोशिश की है। बताया जाता है कि मेट्रो के सामने कूदने वाले इन 10 लोगों में से अधिकांश की जान ही नहीं बचायी जा सकी थी।
क्या है संदेश?
मेट्रो के प्लेटफार्म पर जो संदेश बजाया जाएगा उसमें कहा जा रहा है, "आत्महत्या कोई व्यक्तिगत निर्णय नहीं है, बल्कि समाज के लिए एक खतरनाक बीमारी है जिससे संबंधित परिवार को बहुत तनाव और मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कृपया जल्दबाजी में कोई भी गलत न उठाएं।
अगर आप किसी मानसिक संकट का सामना कर रहे हैं तो हमारे काउंसलर्स से तुरंत संपर्क करें जो 24x7 सिर्फ एक फोन कॉल की दूरी पर हैं। काउंसलर्स के नंबर प्लेटफार्म पर जगह-जगह पोस्टर, बैनर और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर दिखाए गए हैं।" The Hindu की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार यह संदेश 107 FM रेनबो पर चलाया जा रहा है।
दावा किया जा रहा है कि यह ब्लू लाइन मेट्रो के स्टेशनों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर चलेगा। इस बारे में मीडिया से बात करते हुए मेट्रो रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि ब्लू लाइन के अलग-अलग स्टेशनों पर वॉयस नोट को बजाया जा रहा है ताकि लोगों को आत्महत्या जैसा कोई भी बड़ा और खतरनाक कदम उठाने से पहले ही रोका जा सकें।
गौरतलब है कि कोलकाता मेट्रो प्रबंधन का दावा है कि अक्सर मेट्रो के प्लेटफार्म पर आत्महत्या रोकने के लिए विभिन्न शिविरों का आयोजन किया जाता है जिसमें काउंसिलर्स लोगों बातचीत करते हैं।
हेल्पलाइन नंबर : लाइफलाइन फाउंडेशन, +91 033 24637401, +91 033 24637432
समय : सोमवार से रविवार, सुबह 10 से शाम 6 बजे तक।