चंडीगढ़: एक स्थानीय भाजपा नेता ने पंजाबी गायक मनकीरत औलख के नवीनतम गीत ‘असला’ पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर पंजाब पुलिस से संपर्क किया है। आरोप है कि यह गीत हथियारों और गन कल्चर का महिमामंडन करता है। पंजाब भाजपा ट्रेड सेल के सह-संयोजक अरविंद शर्मा ने पुलिस महानिदेशक यानी डीजीपी गौरव यादव को इस संबंध में एक औपचारिक पत्र भेजा है।
अपने पत्र में शर्मा ने गीत को सभी डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से तत्काल हटाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार पहले ही हथियारों, हिंसा और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गीतों पर प्रतिबंध लगा चुकी है। इसके बावजूद गायक औलख का गीत ‘असला’ विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया है। यह न केवल सरकारी नीति का उल्लंघन है, बल्कि युवाओं को हथियारों और हिंसा की ओर भी आकर्षित करता है।
शर्मा ने कहा कि पंजाब पहले से ही नशे की लत, गैंगवार और अवैध हथियारों जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे में हथियारों का महिमामंडन करने वाले गीत युवाओं को अपराध और हिंसा के लिए उकसाते हैं, समाज में भय और अस्थिरता पैदा करते हैं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन के प्रयासों को कमजोर करते हैं।
भाजपा नेता ने डीजीपी से आग्रह किया कि इस गीत को सभी डिजिटल, सोशल मीडिया और संगीत प्लेटफॉर्म से हटाया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में हथियारों और हिंसा को बढ़ावा देने वाली किसी भी सामग्री को रोकने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए सख्त दिशानिर्देश जारी किए जाने चाहिए।