मिदनापुरः सोमवार से विद्यासागर विश्वविद्यालय और अखिल भारतीय फुटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में अंतर-विश्वविद्यालय महिला फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारम्भ श्री अरविंद स्टेडियम और विद्यासागर विश्वविद्यालय स्टेडियम में एक साथ हुआ। टूर्नामेंट के पहले दिन आयोजित मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन और ऊर्जावान भागीदारी देखने को मिली। टूर्नामेंट का आगाज में एक रोमांचक मुकाबले के साथ सुबह 8:30 बजे हुआ। उद्घाटन मैच में कलकत्ता विश्वविद्यालय का सामना कोल्हान विश्वविद्यालय से हुआ। निर्धारित समय के अंत में स्कोर 2-2 से बराबर रहने के कारण मैच 15 मिनट के अतिरिक्त समय तक चला। अतिरिक्त समय के बाद भी स्कोर बराबर रहने पर मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। इसमें कोल्हान विश्वविद्यालय ने 4-3 से जीत हासिल की। इसके साथ ही विद्यासागर विश्वविद्यालय स्टेडियम में पंडित रविशंकर शुक्ला विश्वविद्यालय और डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के बीच उद्घाटन मैच हुआ। पंडित रविशंकर शुक्ला विश्वविद्यालय ने 1-0 से जीत हासिल की, जिसमें किरण पिसदा ने निर्णायक गोल दागा। दूसरे दौर के मैचों में भी प्रतिस्पर्धा का जोश बरकरार रहा। मणिपुर विश्वविद्यालय ने बिहार विश्वविद्यालय को रोमांचक मुक़ाबले में 1-0 से करारी शिकस्त दी। यह मुकाबला सुबह 11:15 बजे शुरू हुआ। एकमात्र गोल मणिपुर विश्वविद्यालय की कोंगखाम प्रियंका (जर्सी नंबर 8) ने किया। विद्यासागर विश्वविद्यालय स्टेडियम में शहीद महेंद्र कर्म विश्वविद्यालय ने रमा देवी विश्वविद्यालय के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच को 5-0 के बड़े अंतर से जीत लिया। पायल, ललिता, खुशी, खुशबू और दामिनी ने गोल दागे।
दिन के दूसरे सत्र में भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले और निर्णायक परिणाम सामने आए। विद्यासागर विश्वविद्यालय स्टेडियम में खेले गए छठे मैच में दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय को 9-0 से करारी शिकस्त दी। मुस्कान खान ने छह गोल दागकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि रागिनी सिंह, अंचल गुप्ता और दिशा सिंह ने एक-एक गोल का योगदान दिया। इसके बाद 8वें मैच में कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज का मुकाबला हेमचंद यादव विश्वविद्यालय से हुआ। यह मैच बेहद रोमांचक रहा। इसमें सलामा मुर्मू ने एकमात्र गोल दागकर केआईएसएस को 1-0 से जीत दिलाई। में विनोबा भावे विश्वविद्यालय और पश्चिम बंगाल राज्य विश्वविद्यालय के बीच होने वाला तीसरा मैच रद्द कर दिया गया क्योंकि पश्चिम बंगाल राज्य विश्वविद्यालय की टीम निर्धारित समयसीमा में उपस्थित नहीं हुई। पहले दिन का समापन श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के शानदार प्रदर्शन के साथ हुआ। इस टीम ने राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय को 4-0 से हराया। रोनिट्टा टिग्गा ने शानदार हैट्रिक गोल दागी, जबकि सुनीति सोरेन ने एक गोल करके अपनी टीम को जीत दिलाई।