हावड़ा में तेज विस्फोट, कैसे हुआ यह? पुलिस जांच में जुटी

अचानक विस्फोट की एक तेज आवाज आयी। इससे पहले की लोग कुछ समझ पाते 9 वर्षीय रोशन सिंह बुरी तरह से घायल होकर मौके पर पड़ा हुआ मिला।

By Moumita Bhattacharya

Dec 02, 2025 17:55 IST

अभी कुछ देर पहले तक जहां बच्चों के खेलने-कूदने और खिलखिलाने की आवाजें गूंज रही थी, अगले ही पल वहां हाहाकार मच गया। घटना हावड़ा के बैंटरा थाना क्षेत्र की है। मंगलवार की दोपहर को लगभग 3 बजे थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर ही भोलानाथ कविराज लेन में कुछ बच्चे बैडमिंटन खेल रहे थे। अचानक विस्फोट की एक तेज आवाज आयी। इससे पहले की लोग कुछ समझ पाते 9 वर्षीय रोशन सिंह बुरी तरह से घायल होकर मौके पर पड़ा हुआ मिला। पर कैसे हुआ विस्फोट?

कैसे हुआ विस्फोट?

बैंटरा थाना की पुलिस और हावड़ा सिटी पुलिस के जासूसी विभाग ने विस्फोट स्थल का दौरा किया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वहां पटाखे जलाए जा रहे थे। उसी समय यह दुर्घटना घट गयी। बताया जाता है कि घटना की वजह से इलाके में आतंक फैल गया। इस बारे में हावड़ा सिटी पुलिस के कमिश्नर प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पटाखा फोड़ने की घटना में बम विस्फोट होने का दावा किया जा रहा है। लेकिन यह सच नहीं है। घटना की जांच की जा रही है।

स्थानीय निवासियों ने बताया

स्थानीय निवासियों का कहना है कि उस जगह पर इलाके के बच्चे अक्सर खेला करते थे। दोपहर को अचानक इस विस्फोट में बैडमिंटन खेल रहा रोशन सिंह (9) बुरी तरह से घायल हो गया। उसके दाएं हाथ और आंखों को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने ही उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है। फिलहाल वह अस्पताल में इलाजरत बताया जाता है।

इस घटना के बाद ही स्थानीय लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाया। उनका कहना है कि क्या बच्चों को मैदान में खेलने के लिए भेजना सुरक्षित भी है? वहीं पुलिस का दावा है कि वह पूरी घटना की जांच कर रही है। क्यों और कौन से लोग इस घटना के पीछे मौजूद हैं, इस बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल घटनास्थल को घेरकर वहां फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है।

Prev Article
पूरे शरीर में आग, चिल्लाते हुए सड़क पर दौड़ता युवक, हावड़ा में डरावनी घटना
Next Article
हावड़ा के उलुबेड़िया में स्वर्ण व्यवसायी को लूटने की कोशिश, एक हाथ की हड्डी टूटी

Articles you may like: