🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

हावड़ा में भयावह अग्निकांड : नींद में जिंदा जल गए एक ही परिवार 4 सदस्य, कैसे लगी आग?

देर रात को अचानक आग लग गयी। घर के अंदर रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैला कि कमरे में सो रहे चार व्यक्तियों को भागने का समय ही नहीं मिल सका।

By Moumita Bhattacharya

Dec 22, 2025 10:48 IST

आधी रात को लगी आग में न सिर्फ घर जलकर राख हो गया बल्कि एक ही परिवार के 4 सदस्यों की भी जिंदा जलने से मौत हो गयी। घटना रविवार की देर रात को हावड़ा के जयपुर थाना क्षेत्र के साउड़िया सिंह मुहल्ले की बतायी जाती है। पुलिस व स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जिस घर में आग लगी थी वह मिट्टी से बना कच्चा मकान था जिसकी छत एस्बेस्टस की बनी बतायी जाती है।

जानकारी के अनुसार रात को खाना खाकर यह परिवार सोने चला गया था। घर में एक ही कमरा होने की वजह से सभी साथ में ही सो रहे थे। तभी अचानक घर में आग लग गयी। कैसे घटी पूरी घटना?

आग में झुलसकर 4 लोगों की गई जान

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की रात को खाना खाकर घर के एक ही कमरे में परिवार के 4 सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। देर रात को अचानक आग लग गयी। घर के अंदर रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैला कि कमरे में सो रहे चार व्यक्तियों को भागने का समय ही नहीं मिल सका। आग लगने के बाद छत का एस्बेस्टस भी टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिसकी वजह से परिस्थिति और भी बेकाबू हो गयी।

नींद में ही आग से झुलसकर परिवार के 4 सदस्यों दुर्योधन दोलुई (75), दूधकुमार दोलुई (42), अर्चना दोलुई(38) और शम्पा दोलुई (14) की मौत हो गयी। पुलिस ने चारों शवों को बरामद कर उलुबेड़िया शरतचंद्र चट्टोपाध्याय गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सर्दी की रात में कैसे लगी आग?

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को गंगा पूजा होने की वजह से इलाके में एक अनुष्ठान का आयोजन किया गया था जिसमें गांव के अधिकांश लोगों ने हिस्सा लिया था। रात को करीब 12 बजे आग लगी। इलाके में कम लोगों की मौजूदगी और अधिकांश लोगों के उस समय सोए रहने की वजह से लोगों को आग लगने की जानकारी काफी देर से मिली।

पूरे घर में जब आग फैल गयी और घर में सो रहे लोग उसमें झुलसने लगे तब उनकी चीखपुकार सुनकर लोगों को इसकी भनक लगी। स्थानीय लोगों ने पहले आग बुझाने की कोशिश की। जानकारी मिलते ही दमकल भी मौके पर पहुंच गया जिसने आग को नियंत्रित किया।

घटना की जानकारी मिलते ही जयपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। चारों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच अधिकारियों का प्राथमिक तौर पर अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस व दमकल विभाग पूरी जांच कर रही है। घटना के बाद से ही इलाके में शोक का माहौल है।

Prev Article
हावड़ाः घर से बरामद हुई सड़ी-गली लाश, पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर निकाला शव

Articles you may like: