आखिरकार सिंचाई विभाग ने हुगली के श्रीरामपुर में छिन्नमस्ता घाट के पास गंगा तट की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। शुक्रवार को सिंचाई विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में गंगा के कटाव को रोकने के लिए साल की लकड़ी के खंभे गाड़ने का काम शुरू हुआ। घटनास्थल पर जाकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों से श्रीरामपुर नगरपालिका के मेयर गिरिधारी शाह और काउंसिलर असीम पंडित ने बात की।
दुर्गा पूजा से पहले खतरनाक तरीके से श्रीरामपुर नगरपालिका के 18 नंबर वार्ड के छिन्नमस्ता घाट की गंगा की सीमा दीवार टूटने से नदी तट पर रहने वाले लोगों की नींदें ही उड़ गई थी। इसके बाद गंगा नदी के किनारे की सड़क में भी दरारें आने लगी थी जिसने प्रशासन की चिंताएं बढ़ा दी थी।
कटाव की आशंका से श्रीरामपुर के सांसद कल्याण बंद्योपाध्याय ने राज्य के सिंचाई मंत्री मानस भुइयां को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया था। श्रीरामपुर नगरपालिका की ओर से भी सिंचाई विभाग को पत्र भी लिखा था। इसके परिणामस्वरूप ही दुर्गापूजा की षष्ठी के दिन छिन्नमस्ता घाट का सिंचाई विभाग के इंजीनियरों ने निरीक्षण किया था।
बताया जाता है कि तट की मरम्मत का काम शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में काफी खुश देखी जा रही है। स्थानीय निवासियों की शिकायत है कि कुछ वर्षों से छिन्नमस्ता घाट से मात्र 50 मीटर की दूरी पर गंगा में मिट्टी जमने लगी है। वहां बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। इसी कारण नदी के किनारे कटाव हो रहा है।
छिन्नमस्ता घाट के सामने ही शमशान काली और बल्लभपुर शमशान घाट है। बल्लभपुर फेरी घाट की स्थिति उतनी अच्छी नहीं है इसलिए कई लोग दाह संस्कार के बाद छिन्नमस्ता घाट आकर अस्थि विसर्जन करते हैं। लेकिन वहां भी गंगा घाट और सामने की सड़क आड़े-तिरछे दो भागों में बंट जाने से लोग घाट पर उतरने से डर रहे हैं।
स्थानीय काउंसिलर असीम पंडित का कहना है कि 'नममि गंगे' का भाजपा ने बड़े पैमाने पर प्रचार किया लेकिन काम का काम कुछ भी नहीं हुआ। एक के बाद एक दुर्घटना होने पर भी छिन्नमस्ता घाट के पास से गंगा की मिट्टी नहीं हटाई जा रही है। इससे आसपास के लोग मुसीबत में पड़ रहे हैं। फिलहाल राज्य के सिंचाई विभाग की सक्रियता से शाल की लकड़ी के खंभों से कटाव रोकने का काम शुरू हुआ है।
चेयरमैन इन काउंसिल संतोष कुमार सिंह का कहना है कि दुर्गा पूजा के समय से ही सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने काम शुरू कर दिया है। केंद्र की भाजपा सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया है। वे झूठ की राजनीति करने में व्यस्त हैं।
श्रीरामपुर के मेयर गिरिधारी शाह का कहना है कि केंद्र की भाजपा सरकार ने गंगा सुधार की अपील पर ध्यान ही नहीं दिया। बड़ी रकम खर्च करने की क्षमता नगरपालिका के पास नहीं है। फिर भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आदेश पर सिंचाई विभाग ने गंगा तट की मरम्मत का काम शुरू किया है।