जयपुरः राजस्थान की राजधानी जयपुर के सिविल लाइन्स इलाके को सबसे प्रतिष्ठित और सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है, क्योंकि यहां मुख्य रूप से राजस्थान सरकार के मंत्रियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और न्यायपालिका के सदस्यों का निवास स्थान है। वर्तमान में यहां 24 वार्ड हैं, जिनमें से कुछ जगहों पर बीते कुछ समय से दूषित पानी की समस्या की शिकायतें आ रही हैं। लोगों का आरोप है कि उनके घर में 'सीवेज का गंदा पानी' आ रहा है। पिछले कई दिनों से वे इस समस्या से जूझ रहे हैं, शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई अधिकारी इस और ध्यान नहीं दे रहा है।
वर्तमान में यहां से गोपाल शर्मा विधायक हैं। गुरुवार को जब उन्हें इस समस्या का पता चला तो वे खुद सुशीलपुरा के वार्ड नंबर 45 का निरीक्षण करने पहुंच गए। विधायक को अपने बीच देखते ही जनता का गुस्सा फूट पड़ा। सबसे पहले महिलाओं ने विधायक को घेर लिया और बीच सड़क पर हाथ जोड़कर अपनी परेशानी बताने लगीं। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और लोग अपनी जेब से मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगे। महिला ने कहा कि घर में सीवेज का पानी आ रहा है, जिसे सुनकर विधायक ने कहा कि मुझे दिखाओ। यह कहकर विधायक कुछ कदम ही चले थे कि गिलास में भरकर पानी उनके सामने ले आया गया।
'हमको लगा कि आपने पानी पीने को दिया है'
विधायक ने गिलास अपने हाथ में लिया। पानी को सूंघा और फिर वहां खड़े एक युवक से कहा, 'हमको लगा कि आपने पानी पीने को दिया है।' इसके बाद विधायक दोबारा पानी को सूंघने लगे। तभी भीड़ में मौजूद लोगों कहने लगे- 'आप इस पानी को पियो..हमने भी पिया है। इसे हम टंकी से निकालकर सीधा आपके पास लेकर आए हैं। आप एक बार इसे पीकर तो बताओ।' हालांकि विधायक ने पानी नहीं पिया। गिलास युवक को थमाया, उसके कंधे पर हाथ रखा और दिलासा देकर आगे बढ़ गए।
सड़क का काम तेजी से पूरा करने की मांग
इस दौरान वार्ड की जनता ने वहां चल रहे सड़क कार्य को तेजी से पूरा करने की भी मांग की। भाजपा विधायक ने कहा कि इस समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी और जल्द ही जल्द से इसका समाधान किया जाएगा। फिलहाल विधायक के इस निरीक्षण के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिन्हें देखकर लोग विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।