पटना : पटना के एक छात्रावास में नीट (NEET) की एक अभ्यर्थी की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने केस दर्ज कर जांच कर रही है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
यह छात्रा जहानाबाद की रहने वाली थी। उसे 6 जनवरी को पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में अचेत अवस्था में पाया गया था। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार वह कोमा में चली गई थी और पांच दिन बाद एक निजी अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई।
इस घटना के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया था। इसके बाद 31 जनवरी को सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी।
छात्रा के परिवार ने आरोप लगाया है कि उसके साथ यौन उत्पीड़न हुआ था और मामले को दबाने की कोशिश की गई। पुलिस ने इस मामले में हॉस्टल के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया था।