बेंगलुरु: दो बच्चियों को स्कूटर पर लेकर जा रहे पिता को बीच सड़क पर एक स्कूल बस ने टक्कर मार दी और बच्चियों को कुचल दिया। पुलिस ने बताया कि वर्षा गौड़ा 2 और भानु गौड़ा 4 नाम की दो बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। उनके पिता नगन गौड़ा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बुधवार को बेंगलुरु के थानिसांद्रा इलाके में हुई इस घटना से सनसनी फैल गई। पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार नगन गौड़ा बेंगलुरु सिटी आर्म्ड रिजर्व पुलिस में कॉन्स्टेबल हैं। वह बुधवार सुबह स्कूटर से दूध लेने जा रहे थे और अपनी बेटी वर्षा तथा भतीजी भानु को भी साथ ले गए थे। रास्ते में हादसा हो गया। थानिसांद्रा मोड़ के पास एक स्कूल बस तेज रफ्तार में जा रही थी। आरोप है कि चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और नगन के स्कूटर को टक्कर मार दी। दोनों बच्चियां सड़क पर गिर गईं। बस नहीं रुकी और आरोप है कि चालक ने उनके ऊपर से बस चला दी। खून से लथपथ हालत में दोनों बच्चियों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में नगन गौड़ा भी घायल हुए हैं हालांकि पुलिस के अनुसार उनकी चोट गंभीर नहीं है। दोनों बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के लिए येलहंका सरकारी अस्पताल भेजे गए हैं। बस चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।