अभिषेक शर्मा को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है लेकिन नामीबिया के खिलाफ मैच में खेलने की पुष्टि नहीं हुई है। भारतीय युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने अभिषेक की अस्पताल से छुट्टी की जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी है। असिस्टेंट कोच रयान टेन डोएशेट ने अभिषेक की तबीयत के बारे में जानकारी देते हुए जल्द वापसी की उम्मीद जताई थी।
रयान टेन डोएशेट ने दी थी अभिषेक के बीमारी की जानकारी
टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोएशेट ने अभिषेक शर्मा के बीमारी की सबसे पहले जानकारी दी थी। उन्होंने उस दौरान बताया था, 'हां, वाशिंगटन कल टीम में शामिल हो गया, वह आज ट्रेनिंग करेगा। अभिषेक के पेट में अभी भी कुछ दिक्कतें हैं, हमें उम्मीद है कि वह कुछ दिनों में मैच के लिए उपलब्ध हो जाएगा।'
टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में कुछ खास करिश्मा नहीं दिखा पाए थे अभिषेक
अभिषेक शर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में कुछ खास करिश्मा नहीं दिखा पाए थे। क्रिकेट प्रेमियों को यूएसए के खिलाफ उनसे एक आतिशी पारी की उम्मीद थी। मगर वह गोल्डन डक हो गए थे।
अभिषेक की गैर मौजूदगी में सैमसन ने की थी फील्डिंग
वहीं जब फील्डिंग की बारी आई तो अभिषेक शर्मा मैदान से नदारद थे। उनकी जगह पर सैमसन पूरी इनिंग में फील्डिंग करते हुए नजर आए थे। फैंस का दिल तब घबराने लगा जब वह जीत के बाद हाथ मिलाने के लिए भी मैदान में नहीं आए।