नई दिल्ली: ग्रुप चरण में दो मैच खेलकर दोनों में जीत दर्ज करने के बाद पाकिस्तान टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है। बहिष्कार का विवाद खत्म होने के बाद आखिरकार पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने पर सहमति दी है। 15 फरवरी को कोलंबो में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। इस बड़े मुकाबले से पहले पाकिस्तान के दो खिलाड़ी साहिबजादा फरहान और उस्मान तारिक ने भारत को चेतावनी दी है। उनका मानना है कि इस मैच में पाकिस्तान नहीं बल्कि भारत दबाव में रहेगा। उन्होंने कहा कि पुरानी हार-जीत को ध्यान में रखकर नहीं बल्कि नई मानसिकता के साथ मैदान में उतरेंगे।
साहिबजादा ने क्या कहा?
ग्रुप के पहले मैच में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स के खिलाफ किसी तरह हार टाली थी। मंगलवार को दूसरे मैच में उसने अमेरिका के खिलाफ जीत दर्ज की। इस मैच में पाकिस्तानी ओपनर साहिबजादा फरहान ने 73 रन की पारी खेली। हालांकि उन्होंने भारत के खिलाफ मैच को अलग महत्व देने से इनकार किया। मैच के बाद उन्होंने कहा कि जब टीम दो मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर रहती है तो आत्मविश्वास बढ़ता है। अगले मैच को लेकर अलग से नहीं सोच रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब वे भारत के खिलाफ खेलेंगे। पहले भी खेल चुके हैं लेकिन इस बार नई मानसिकता के साथ उतरेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों ने टीम का खराब समय भी देखा है लेकिन अब शादाब और नवाज जैसे खिलाड़ी रन बना रहे हैं इसलिए उम्मीद है कि दर्शक उनके खेल का आनंद लेंगे।
भारत को उस्मान की चेतावनी
पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक ने एक कदम आगे बढ़कर बयान दिया। अमेरिका के खिलाफ मैच में उन्होंने तीन विकेट लिए थे। उनकी गेंदबाजी एक्शन पर सवाल उठे हैं, फिर भी भारत के खिलाफ मैच से पहले वह आत्मविश्वास से भरे हैं। उनका कहना है कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारत पर ही अतिरिक्त दबाव रहेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि भारत पर ज्यादा दबाव होगा क्योंकि जिस तरह से वहां इस मैच को लेकर चर्चा हो रही है, उससे साफ है कि वे ज्यादा सोच रहे हैं। हालांकि वह खुद अपने खेल और अभ्यास पर ध्यान दे रहे हैं।