मुंबई: मुंबई के संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में मशहूर ‘वन रानी’ टॉय ट्रेन एक बार फिर शुरू हो गई है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को इसका उद्घाटन किया।
यह टॉय ट्रेन कई सालों से पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय रही है लेकिन वर्ष 2020 में आए चक्रवात में इसकी पटरियां क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इसके बाद ट्रेन सेवा बंद कर दी गई थी। अब इसे फिर से शुरू किया गया है।
इस बार ट्रेन को आधुनिक तकनीक के साथ तैयार किया गया है। यह टॉय ट्रेन अब बैटरी से चलेगी। इससे पर्यावरण को नुकसान नहीं होगा। इस परियोजना को महाराष्ट्र सरकार ने मंजूरी दी है। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में इसे फिर से शुरू किया गया।
उद्घाटन के दौरान पीयूष गोयल ने कहा कि ‘वन रानी’ पिछले करीब 50 वर्षों से इस पार्क की खास पहचान रही है। यहां आने वाले पर्यटक इस ट्रेन की सवारी का आनंद लेते थे।
उन्होंने कहा कि अब इसे नई तकनीक के साथ शुरू किया गया है। बैटरी से चलने के कारण यह पर्यावरण के लिए सुरक्षित है। यह भारत की प्रगति और विरासत को साथ लेकर चलने का उदाहरण है। पीयूष गोयल ने कहा कि यह साझेदारी भारत में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को भी मजबूत करेगा।