अहमदाबादः गुजरात के बनासकांठा जिले में शुक्रवार सुबह एक प्राइवेट लग्जरी स्लीपर बस में आग लगने से एक यात्री की जलकर मौत हो गई और छह अन्य झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई है। बस राजस्थान के नाचना से अहमदाबाद जा रही थी, जब सुबह करीब 3.30 बजे धनेरा तालुका के नेनावा गांव के पास गाड़ी में आग लग गई। पुलिस ने बताया कि उस समय यात्री सो रहे थे।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, धनेरा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इसकी वजह से गाड़ी के अंदर अफरा-तफरी मच गई। आग और धुएं से बचने के लिए कई यात्री खिड़कियां तोड़कर अपनी जान बचाने के लिए बाहर कूद गए। अधिकारी ने कहा, "अफरा-तफरी के बीच एक यात्री की जलकर मौत हो गई।"
उन्होंने कहा कि आग लगने का सही कारण का पता लगाया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि कम से कम छह यात्री जल गए। घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है।