मुंबईः सोमवार सुबह मुंबई के कोलाबा कूफे परेड चॉल थाना क्षेत्र में भीषण आग लगने से एक किशोर की जलकर मौत हो गई। 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली है कि सोमवार तड़के करीब सवा चार बजे एक मकान की पहली मंजिल पर आग लग गई। आग में यश बिट्ठल खोट नामक 15 वर्षीय एक किशोर की मृत्यु हो गई। इसके अलावा बिराज खोट, संग्राम कुरणे और देवेंद्र चौधरी नामक तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गये हैं। सभी को सेंट जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने यश को मृत घोषित कर दिया। बाकी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि आग से घर की बिजली लाइन, तीन इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बैटरी और कुछ इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गए। दमकल विभाग के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। हालांकि आग लगने का सही कारण पुलिस जांच कर रही है।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। दमकल की करीब आधे घंटे की कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया गया।