तिरुवनंतपुरमः केरल पुलिस ने तिरुवनंतपुरम के पास 18-वर्षीय एक युवक की मौत के मामले में रविवार को तीन युवकों को हिरासत में लिया। युवक को कथित रूप से कांच के दरवाजे पर धकेले जाने से गंभीर चोटें आई थीं। बाद में उसकी मौत हो गई थी। मृतक की पहचान अयानीमूडु निवासी सुरेश कुमार के पुत्र शिव सूर्या के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार रात करीब आठ बजे उस समय हुई, जब सूर्या पर कथित रूप से पांच व्यक्तियों ने हमला किया। पुलिस ने बताया कि सूर्या ने पहले आरोपियों में से एक के साथ फुटबॉल खेला था और पिछले वर्ष हुए एक मैच के बाद दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था।
पुलिस ने बताया कि शनिवार रात आरोपियों ने सूर्या को उस समय घेर लिया जब वह अकेला था। पुलिस के अनुसार, झड़प के दौरान सूर्या को एक कपड़ा दुकान के कांच के दरवाजे पर धक्का दे दिया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने हत्या का एक मामला दर्ज करके रविवार को अजित, कार्तिक और अरोमल नामक तीन लोगों को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने बताया कि बाकी दो आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।