रांची: गांव में जहरीली गैस फैलने से हड़कंप मच गया है। दो महिलाओं की मौत हो गई और कई लोग बीमार होकर अस्पताल में भर्ती हैं। आज सुबह प्रियंका देवी की मौत की खबर सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों ने धनबाद,रांची राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। अचानक बीमार होकर दो महिलाओं की मौत हो गई। कई अन्य लोग अस्पताल में भर्ती हैं। झारखंड की इस घटना में ग्रामीणों को शक है कि किसी तरह की गैस लीक हो रही है। उन्हें आशंका है कि कोई विषैली गैस गांव में फैल रही है। इस घटना को लेकर धनबाद के केंदुआडीह क्षेत्र में तनाव फैल गया। ग्रामीणों की मांग है कि गैस लीकेज की वजह के साथ ही दोनों महिलाओं की मौत के कारणों का पता लगाया जाये।
बुधवार को ललिता देवी की मृत्यु हुई थी और गुरुवार अस्पताल में प्रियंका देवी की मौत हो गई। एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, इन मौतों के बाद स्थानीय लोग दहशत में आ गए। हालांकि प्रशासन ने कहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का पता चल सकेगा। गुरुवार को लोगों ने टायर जलाकर विरोध किया। लगभग चार घंटे तक यह जाम रहा। सूचना मिलने पर प्रशासन मौके पर पहुंचा।
स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार ठाकुर ने बताया कि सुबह जिन महिला की मौत हुई वह अचानक बीमार हो गई थीं और उनके मुंह से झाग निकलने लगा था। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने बताया कि यह किसी विषैली गैस के कारण हो सकता है। अब तक 15 से 20 लोग बीमार हैं। अगर गैस का रिसाव बंद नहीं हुआ तो स्थिति भयावह हो सकती है।
एक अन्य स्थानीय निवासी शेख मोहम्मद ने बताया कि इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की है। यहां सिर्फ नोटिस लगाया जाता है लेकिन प्रशासन कोई कारगर कदम नहीं उठाता। पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने बताया कि बीबीसीएल ने कई क्षेत्रों को खतरे वाला क्षेत्र घोषित किया है लेकिन लोगों को कहीं और बसाने की व्यवस्था नहीं की गई। इसका तत्काल समाधान जरूरी है।
बीबीसीएल पीबी क्षेत्र के महाप्रबंधक जी. साहा ने बताया कि यह क्षेत्र लंबे समय से खतरनाक क्षेत्र के तौर पर चिन्हित है। किसी भी समय आग लग सकती है लेकिन स्थानीय लोग इलाका छोड़ना ही नहीं चाहते। पूरा क्षेत्र खाली कर दिया जाए तभी स्थायी समाधान संभव है। केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने बताया कि सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं। दो लोगों की मौत हुई है और प्रशासन नहीं चाहता कि और किसी की मौत हो।