चंडीगढ़: हरियाणा के पंचकूला में एक ऑटो चालक को एक साल के बच्चे का उसके पिता बनकर क्रेच से अपहरण करने और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, पुलिस ने रविवार को बताया कि अभियुक्त अजय ने छह महीने पहले इंस्टाग्राम पर बच्चे की मां से दोस्ती की थी। उसे महिला के बच्चे से नफरत थी और उसने उसे खत्म करने का विचार किया। अजय महिला से कुछ मौकों पर मिला था और उसे लगता था कि बच्चे की वजह से वह उससे खुलकर नहीं मिल पा रहा है।
इसके बाद पिंजौर निवासी अजय ने शनिवार को पंचकूला के एक क्रेच से बच्चे के पिता का रूप धरकर शिशु का अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद अजय बच्चे को अपने ऑटो रिक्शा में ले गया और ऑटो साफ करने में इस्तेमाल होने वाले कपड़े से उसका गला घोंट दिया।
पुलिस ने बताया कि बच्चे का शव शनिवार शाम को सुखोमाजरी बाईपास के पास एक पुलिया से बरामद किया गया, जहां अजय ने शव को एक बैग में भरकर फेंक दिया था।
पंचकूला के थाना प्रभारी (एसएचओ) इंस्पेक्टर हरि राम ने फोन पर बताया कि अजय को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है और अजय को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
एसएचओ ने कहा, “शनिवार सुबह बच्चे की मां उसे क्रेच में छोड़कर गई थी, जिसके कुछ ही मिनटों बाद अभियुक्त बच्चे के पिता का रूप धरकर उसे वहां से ले गया। बाद में बच्चे के जैविक पिता ने बताया कि किसी ने उसका अपहरण कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने अजय को पकड़ लिया और पूछताछ के दौरान उसने अपराध के पीछे का मकसद बताया और कबूलनामा किया। पुलिस ने कहा कि अजय ने बच्चे की हत्या के बाद शव फेंके जाने की जगह की लोकेशन भी साझा की।
जब यह पूछा गया कि क्या बच्चे की मां को भी संदिग्ध माना जा रहा है तो एसएचओ ने कहा कि जांच जारी है और इस स्तर पर किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या क्रेच प्रबंधन की ओर से बच्चे को सौंपते समय ले जाने वाले व्यक्ति की पहचान की जांच न करने में कोई लापरवाही बरती गई थी।