ईटानगरः यौन उत्पीड़न के आरोप में लगातार दो आत्महत्याओं का मामला प्रकाश में आया है। एक आईएएस अधिकारी और इंजीनियर के खिलाफ आरोप लगाकर पहले एक युवक ने आत्महत्या की। यह खबर सामने आते ही अभियुक्त इंजीनियर ने भी सिर में गोली मारकर अपनी जान दे दी। इस दोहरी आत्महत्या की घटना से अरुणाचल प्रदेश में हड़कंप मच गया है।
बुधवार रात नाहारलागुन के पास लेखी गांव से गमछू येकार (19) का शव पुलिस ने बरामद किया। पिछले जून महीने में एक धोखाधड़ी के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। सुसाइड नोट में उसने आईएएस अधिकारी तालो पोताम के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, येकार ने खुद को मजिस्ट्रेट बताकर लगभग 7 लाख रुपये ठगे थे। जांच में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
जमानत पर रिहा होने के बाद गमछू येकार ने अपने घर में ही गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में उनका दावा था कि आईएएस अधिकारी तालो पोताम और ग्रामीण कार्य विभाग के इंजीनियर लिकवांग लोकांग के कारण वह आत्महत्या करने को मजबूर हुआ है। उसने दोनों के खिलाफ आर्थिक धोखाधड़ी और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। घटना के बाद येकार के परिवार ने निरजुली थाने में एफआईआर दर्ज कराई।
येकार की मौत की खबर मीडिया में प्रकाशित होने के बाद अभियुक्त इंजीनियर लिकवांग लोकांग ने अपने घर में ही सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। तिराप जिले के खुनसा से पुलिस ने उसका शव बरामद किया। उल्लेखनीय है कि सुसाइड नोट में येकार ने खुद को एचआईवी संक्रमित बताया था। इसके लिए भी उसने इन दोनों अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया था।
आईएएस अधिकारी तालो पोताम वर्तमान में दिल्ली के लोक निर्माण विभाग में कार्यरत हैं। अब तक उनकी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। दोहरी आत्महत्या की घटना में पुलिस ने जांच शुरू की है।