सहारनपुर: दिल्ली के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के विरोध में उसके परिजनों और रिश्तेदारों ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक कॉलेज परिसर के बाहर सड़क जाम कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन के कारण करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, यह प्रदर्शन बेहट इलाके स्थित गुरु द्रोणाचार्य आयुर्वेदिक कॉलेज के बाहर किया गया, जहां मृत छात्र पढ़ाई कर रहा था। सड़क जाम के कारण शकंभरी-सुंदरपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बेहट थाना प्रभारी अक्षय शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद हालात को नियंत्रित किया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 28 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है, जो दिल्ली का निवासी था। उसने दिसंबर 2025 में कॉलेज के प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था। रविवार रात उसकी मौत हो गई, जिसके बाद सोमवार को परिजनों ने कॉलेज पहुंचकर हत्या का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। मंगलवार को आंदोलन और तेज हो गया, जिसके चलते परिजनों और समर्थकों ने सड़क जाम कर दिया। स्थिति को संभालने के लिए कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई।
परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में उन्हें बताया गया था कि विशाल का एक मामूली सड़क हादसा हुआ है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है लेकिन जब वे रविवार रात दिल्ली से पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि उसकी मौत संदिग्ध हालात में हुई है। विशाल के भाई अरुण ने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 बैच के कुछ वरिष्ठ छात्रों से उसका विवाद था और एक महिला से जुड़े मामले को लेकर उसे नुकसान पहुंचाने की साजिश रची जा रही थी। विशाल के पिता पते बहादुर, जो दिल्ली के बुध विहार के निवासी हैं, उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना के समय विशाल 2024 बैच के दो छात्रों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार था। घटना को हादसा बताया गया लेकिन विशाल की मौत हो गई, जबकि अन्य दोनों छात्रों को मामूली चोटें आईं, जिससे मामले पर संदेह गहराता है।