नई दिल्ली: क्रिकेट मैच को लेकर हुए विवाद में एक नाबालिग की मौत हो गई। उस पर हत्या किए जाने का आरोप है। हत्या का आरोप तीन नाबालिगों पर लगा है। घटना दिल्ली के तिलक नगर इलाके की है। आरोप है कि मोहल्ले में क्रिकेट खेलते समय आपस में कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। मारपीट के दौरान 15 वर्षीय निशांत की गर्दन टूट गई, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार ने इस मामले में हत्या की शिकायत दर्ज कराई है। मंगलवार को पुलिस ने बताया कि मारपीट की यह घटना सोमवार को हुई। तिलक नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के आधार पर तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम इलाके के एक पार्क में कुछ नाबालिग क्रिकेट खेल रहे थे। तभी निशांत की 12 वर्षीय एक लड़के से बहस हो गई और दोनों के बीच मारपीट हुई। घर लौटकर 12 वर्षीय लड़के ने अपने रिश्तेदार बड़े भाइयों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद तीन लोग मिलकर निशांत को ढूंढने पहुंचे। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तीनों ने मिलकर निशांत की बेरहमी से पिटाई की। उसके सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। उसे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
निशांत की मां ज्योति का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उन्होंने कहा, खेलने के दौरान बच्चों में झगड़ा हो सकता है लेकिन मेरे बेटे को क्यों मार डाला गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि थाने जाने पर पुलिस ने शुरू में उनकी बात नहीं सुनी और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। निशांत के रिश्तेदार रिंकू ने भी यही आरोप लगाया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।