ओडिशा में एक बार फिर से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस बार बिहार की एक किशोरी को भुवनेश्वर के अशोकनगर इलाके से बरामद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात को करीब 17 वर्षीया किशोरी को सड़क के किनारे से बरामद किया गया है। बताया जाता है कि किशोरी के पूरे शरीर पर कई जख्म मिले हैं। कुछ ऑटो ड्राइवरों ने किशोरी को सड़क किनारे पड़े हुए देखकर उसे उठाकर भुवनेश्वर के अस्पताल में भर्ती करवाया। आशंका जतायी जा रही है कि किशोरी से दुष्कर्म के बाद उसे सड़क किनारे फेंक दिया गया।
Hindustan Times की एक मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस कमिश्नर एस. देवदत्त ने बताया कि अभी तक किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे आईसीयू में रखा गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
बता दें, पिछले कुछ दिनों से ओडिशा में लगातार महिलाओं के साथ उत्पीड़न के कई मामले सामने आ चुके हैं। पिछले दिनों पुरी में समुद्रतट के पास एक किशोरी से दुष्कर्म का आरोप लगाया गया था। इससे पहले जुलाई में भी इंजीनियरिंग की छात्रा से यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया जा चुका है। जुलाई में बालेश्वर के अध्यापक के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एक छात्रा ने आत्मदाह कर लिया था। अब भुवनेश्वर में फिर से किशोरी से दुष्कर्म का आरोप लगाया जा रहा है।