अब भूपेंद्र पटेल की नेतृत्व वाली सरकार में 25 मंत्री, हर्ष संघवी गुजरात के डिप्टी सीएम नियुक्त

गुजरात में आने वाले महीनों में स्थानीय निकाय चुनाव होने हैं। पिछले महीने बिसावदर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की हार के बाद नए नेताओं को मौका देने की रणनीति बनायी गयी है।

By डॉ.अभिज्ञात

Oct 17, 2025 16:30 IST

गांधीनगरः गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन वर्षों के भीतर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़कर लगभग पूरी सरकार को बदल दिया है। गुरुवार को 16 मंत्रियों से इस्तीफा लेकर शुक्रवार को 26 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। महात्मा मंदिर, गांधीनगर में उन्होंने शपथ ली। पिछली सरकार के केवल 6 मंत्री ही नये मंत्रिमंडल में अपने पद पर बने रह पाये जबकि 19 नए चेहरे शामिल किए गए हैं। इसमें 8 अन्य पिछड़ा वर्ग, 3 अनुसूचित जाति, 4 अनुसूचित जनजाति और 3 महिलाएं शामिल हैं।

शुक्रवार को सबसे पहले हर्ष संघवी ने शपथ ली और उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। इससे पहले वे राज्य के गृह मंत्री थे। क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को भी मंत्री बनाया गया है। अब तक मुख्यमंत्री सहित 17 सदस्यीय मंत्रिमंडल था, जिसमें 8 कैबिनेट और 8 राज्य मंत्री (राज्यमंत्री) शामिल थे। अब यह संख्या बढ़कर 26 हो गई है। मालूम हो कि भूपेंद्र पटेल का यह तीसरा मंत्रिमंडल है। वे पहली बार सितंबर 2021 में विजय रूपाणी को हटाया गया और उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया था। दिसंबर 2022 में विधानसभा चुनाव के बाद वे दोबारा मुख्यमंत्री बने और 16 विधायकों को मंत्री पद मिला। अब तीसरी बार नया मंत्रिमंडल का गठन किया गया है।

यहां यह उल्लेखनीय है कि यह बड़ा बदलाव आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है क्योंकि जिन मंत्रियों को हटाया गया है, उनके खिलाफ कोई आरोप या कानूनी मामला नहीं था। सूत्रों के अनुसार पार्टी ने भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में पूरी कैबिनेट को बदलने का निर्णय लिया था और सभी 16 मंत्रियों से इस्तीफा ले लिया गया था। कई मंत्रियों का कार्य प्रदर्शन संतोषजनक नहीं था, वहीं दूसरी ओर पार्टी नेतृत्व सरकार की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए नए चेहरों को लाना चाहता था। पार्टी ने मंत्रिमंडल में पटेल समुदाय को अधिक प्रतिनिधित्व देकर सामाजिक समीकरण संतुलित करने का प्रयास किया है। सूची में मुख्यमंत्री सहित 8 मंत्री पटेल समुदाय से हैं। मालूम हो कि गुजरात में आने वाले महीनों में स्थानीय निकाय चुनाव होने हैं। पिछले महीने बिसावदर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की हार के बाद नए नेताओं को मौका देने की रणनीति बनायी गयी है।

यहां यह भी उल्लेखनीय है कि गुजरात विधानसभा में कुल 182 सीटें हैं। नियमानुसार 15 प्रतिशत सीटों तक मंत्री बनाए जा सकते हैं, अर्थात मुख्यमंत्री सहित 26 मंत्री। अब कुल 26 सीटों पर विधायकों को सरकार में जगह देकर समीकरण ठीक करने का प्रयास किया गया है।

Prev Article
25 ट्रांसजेंडरों ने एक साथ फिनाइल पिया, अस्पताल में भर्ती, इंदौर में हड़कंप
Next Article
ऋषिकेश में बंजी जंपिंग के दौरान टूटी रस्‍सी, गुरुग्राम का टूरिस्‍ट घायल, एम्स में चल रहा इलाज

Articles you may like: