विपक्ष जाति पर विभाजन करना चाहता है, हम महिलाओं और युवाओं के लिए खड़े हैं - चिराग पासवान

LJP (RV) के 25वें स्थापना दिवस पर पार्टी प्रमुख ने दिया संदेश

By श्वेता सिंह

Nov 28, 2025 17:03 IST

पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने शुक्रवार को बिहार में विपक्षी पार्टियों पर समाज को जाति और धर्म के आधार पर विभाजित करने का आरोप लगाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी ने इसके बजाय महिलाओं और युवाओं को राजनीति के केंद्र में रखा है।

पासवान ने यह टिप्पणी पार्टी के 25वें स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में दूरस्थ संबोधन के दौरान की।

‘MY’ एजेंडा का नया रूप -Mahila और Yuva

उन्होंने कहा, “जहां विपक्षी पार्टियां जाति और धर्म के आधार पर MY (मुस्लिम-यादव) एजेंडा के माध्यम से समाज को विभाजित करने की कोशिश कर रही थीं, वहीं LJP (RV) ने नया MY समीकरण तैयार किया – महिला और युवा।”

चिराग पासवान यहां तेजस्वी यादव नेतृत्व वाली RJD की ओर इशारा कर रहे थे, जिसने बिहार की चुनावी लड़ाई में 143 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा और 25 सीटें जीतीं।

इसके विपरीत LJP (RV) ने 28 सीटों में से 19 सीटें जीती और वर्तमान में इसके चार सांसद हैं। इस कार्यक्रम में सभी पार्टी विधायकों की उपस्थिति दर्ज की गई।

स्वास्थ्य कारणों से पासवान नहीं पहुंचे कार्यक्रम में

पीटीआई कि रिपोर्ट के अनुसार, चिराग पासवान कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से शामिल होने वाले थे। हालांकि आंख की संक्रमण के कारण उन्होंने यात्रा से परहेज किया। इसलिए कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले पाये। चिराग ने कहा, “मैं उन लोगों से क्षमा मांगता हूं जो यहां मौजूद थे कि मैं कार्यक्रम में नहीं आ सका। पिछले दो दिनों से आंख में संक्रमण था और डॉक्टर ने यात्रा की अनुमति नहीं दी क्योंकि संक्रमण बढ़ गया था।”

राम विलास पासवान की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे अपने दिवंगत पिता राम विलास पासवान द्वारा स्थापित पार्टी की विचारधारा को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। “मेरे पिता ने पार्टी की स्थापना सामाजिक न्याय और लोगों के अधिकारों व अवसरों की समानता सुनिश्चित करने के लिए की थी। आज, जहां भी वे होंगे, उन्हें खुशी होगी कि हमने पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।”

मोदी और नीतीश के मार्गदर्शन के लिए आभार

पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का धन्यवाद किया और कहा कि उनके मार्गदर्शन में हमें इतनी बड़ी जीत मिली। उन्होंने अन्य गठबंधन सहयोगियों जैसे जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और उपेन्द्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) का भी आभार व्यक्त किया। पार्टी कार्यकर्ताओं से उन्होंने बिहार के हर कोने में राम विलास पासवान के सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के सिद्धांतों को क्रियान्वित करने का आह्वान किया।

Prev Article
राबड़ी देवी सरकारी बंगला खाली नहीं करेंगी: RJD का ऐलान
Next Article
भोजपुरी गायक भरत शर्मा व्यास को टीडीएस रिटर्न घोटाले में 2 साल की जेल

Articles you may like: