बिहार विधानसभा सत्र: शपथ पत्र नहीं पढ़ पा रही थीं जदयू विधायक विभा देवी

वीडियो सामने आने के बाद कई उपयोगकर्ताओं ने इस पर प्रतिक्रिया दी और इसे बिहार की राजनीति का दुर्भाग्य बताया।

By डॉ. अभिज्ञात

Dec 02, 2025 12:05 IST

पटनाः जनता दल (यूनाइटेड) की नवनिर्वाचित विधायक विभा देवी को बिहार विधानसभा चुनावों के बाद आयोजित बिहार विधान सभा के पहले सत्र में शपथ पढ़ने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

बिहार विधानसभा में शपथ ग्रहण के दौरान जदयू की नव-निर्वाचित विधायक विभा देवी हिंदी में लिखे शपथ-पत्र को ठीक से नहीं पढ़ पा रही थीं। शपथ लेते समय उन्होंने अपने पास बैठी विधायक मनोरमा देवी से सहायता मांगी और उनके बताए अनुसार धीरे-धीरे, टूटे-फूटे शब्दों में शपथ पूरी की। विभा देवी बाहुबली माने जाने वाले राजबल्लभ यादव की पत्नी हैं। राजबल्लभ पहले राजद से जुड़े रहे और अब जदयू में शामिल हैं। विभा देवी नवादा सीट से विधायक बनीं और उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के कौशल यादव को 27,594 वोटों के अंतर से हराया।

सोमवार को 18वीं बिहार विधानसभा के पहले सत्र में विधायकों का शपथ ग्रहण कराया गया। इसी दौरान विभा देवी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वे शपथ पढ़ने में कठिनाई का सामना कर रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद कई उपयोगकर्ताओं ने इस पर प्रतिक्रिया दी और इसे बिहार की राजनीति का दुर्भाग्य बताया।

शपथ ग्रहण के दौरान विभा देवी कई बार अटक गईं तो उन्होंने मनोरमा देवी से कहा, 'छोटकी, बोल न…’ मनोरमा देवी ने उन्हें शब्द बताकर सहायता की, जिसके बाद उन्होंने शपथ पूरी की। 2025 के चुनाव में दाखिल हलफनामे में विभा देवी ने अपनी कुल संपत्ति लगभग 32 करोड़ रुपये बताई है। शपथ ग्रहण के बाद उनकी शैक्षिक योग्यता भी चर्चा में रही। चुनावी हलफनामे के अनुसार, उन्होंने अपनी योग्यता के स्थान पर केवल 'साक्षर' लिखा है।

नवनिर्वाचित बिहार विधान सभा का पहला सत्र सोमवार को शुरू हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा तथा अन्य नवनिर्वाचित विधायक सत्र में शामिल हुए। सत्र शुरू होने से पहले नवनिर्वाचित विधायकों ने बिहार के लोगों और अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के लिए काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Prev Article
कांग्रेस का आरोप: NDA ने महिलाओं को 10,000 रुपये देकर चुनावी जीत सुनिश्चित की
Next Article
भोजपुरी गायक भरत शर्मा व्यास को टीडीएस रिटर्न घोटाले में 2 साल की जेल

Articles you may like: