गोपालगंज(बिहार): हाथों की मेहंदी का रंग अभी पूरी तरह फीका भी नहीं पड़ा था कि पहली सालगिरह पर एक नवविवाहिता की जिंदगी ही खत्म हो गई। गोपालगंज में एक गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। घटना सिधवलिया थाना क्षेत्र के बखरौर गांव की है। मृतका की पहचान बखरौर गांव निवासी मनीष कुंवर की 22 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी के रूप में की गई है। मृतका के मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। बताया जाता है कि गुड़िया देवी की शादी 1 साल पहले सिधवलिया थाना क्षेत्र के कुंड सुपौली गांव निवासी राज किशोर सिंह की बेटी के रूप में बखरौर गांव में हुई थी। संयोग से जिस दिन घटना हुई, उसी दिन उनकी शादी की पहली सालगिरह भी थी। शादी की पहली सालगिरह के दिन एक गर्भवती नवविवाहिता की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
3 महीने की गर्भवती थी मृतका
परिजनों के अनुसार गुड़िया देवी 3 महीने की गर्भवती थीं। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई है. घटना के बाद ससुराल पक्ष का फरार हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
दहेज की मांग पर हो रही थी लगातार प्रताड़ित
मृतका के भाई सोनू सिंह ने कहा कि हम लोग अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिए थे। लेकिन शादी के बाद से लगातार बुलेट और सोने की चेन की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर मेरी बहन को प्रताड़ित किया जाता था। आज उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद ससुराल वाले फरार
घटना की सूचना मिलने के बाद सिधवलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.
पुलिस जांच और आरोपियों की तलाश जारी
गोपालगंज पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मायके पक्ष के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।