पटना: केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) 2026 के दौरान बिहार के वैशाली जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेपर-2 की परीक्षा के दौरान दो परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई। अभ्यर्थियों के हंगामे और प्रशासनिक कठिनाइयों के कारण केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) को इन दोनों केंद्रों पर परीक्षा रद्द करने का फैसला लेना पड़ा। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी नाराज नजर आए, जबकि बोर्ड ने 15 दिनों के भीतर दोबारा परीक्षा कराने का ऐलान किया है।
900 के करीब अभ्यर्थी हुए प्रभावित
जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के जिन दो केंद्रों पर परीक्षा रद्द की गई, उनमें सेंट जॉन्स एकेडमी, बसमती नगर और लक्ष्य इंटरनेशनल एकेडमी शामिल हैं। इन दोनों केंद्रों पर CTET पेपर-2 की परीक्षा होनी थी, जिसमें करीब 900 से अधिक अभ्यर्थी शामिल होने वाले थे। परीक्षा शुरू होने से पहले ही व्यवस्थाओं को लेकर विवाद की स्थिति बन गई और अभ्यर्थियों ने नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी।
तकनीकी दिक्कतों से परीक्षा शुरू होने में हुई देरी
परीक्षा शुरू होने में देरी और तकनीकी दिक्कतों के कारण परीक्षार्थी परेशान हो गए। काफी देर तक इंतजार कराने के बाद जब स्थिति सामान्य नहीं हुई तो अभ्यर्थियों ने विरोध जताया और केंद्र परिसर में हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ते देख स्थानीय प्रशासन और परीक्षा केंद्र प्रबंधन ने सीबीएसई को सूचना दी, जिसके बाद बोर्ड ने दोनों केंद्रों पर पेपर-2 की परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया।
दो केंद्र पर दोबारा होगी परीक्षा
सीबीएसई की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह निर्णय परीक्षार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि केवल वैशाली जिले के इन दो केंद्रों पर ही परीक्षा रद्द की गई है, जबकि देशभर के अन्य परीक्षा केंद्रों पर CTET पेपर-2 की परीक्षा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। बोर्ड ने यह भी बताया कि परीक्षा रद्द होने से किसी भी अभ्यर्थी के भविष्य पर असर न पड़े, इसके लिए जल्द ही पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी।
15 दिनों के भीतर होगी परीक्षा
बोर्ड के अनुसार, प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 15 दिनों के भीतर दोबारा परीक्षा कराई जाएगी। नई परीक्षा तिथि, समय और केंद्र की जानकारी संबंधित उम्मीदवारों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर भेजी जाएगी। सीबीएसई ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक वेबसाइट व नोटिस पर ही भरोसा करें। बता दें कि CTET परीक्षा देशभर में शिक्षक बनने की अनिवार्य योग्यता मानी जाती है और हर साल लाखों उम्मीदवार इसमें शामिल होते हैं।