पाकिस्तान की टीम फिर हार गई। फिर उनके फैंस का दिल टूटा और फिर भड़के पाकिस्तानी दिग्गज खिलाड़ी। लेकिन इस बार यह गुस्सा सिर्फ खिलाड़ियों पर नहीं निकला है बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी भी निशाने पर आए हैं। पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने नकवी को जाहिल तक कह दिया है। एक टीवी शो में शोएब अख्तर ने बताया कि पाकिस्तान की हार का बड़ा कारण उनका बोर्ड ही है। उन्होंने यहां बिना नाम लिए बाबर आजम को भी निशाने पर लिया। शोएब अख्तर ने एंकर को समझाते हुए कहा, अगर आप मुझे इस चैनल का चेयरमैन बना देती हैं, तो मुझे पता ही नहीं चलेगा कि ये कैसे काम करता है। आपने ऐसे बंदे को पाकिस्तान बोर्ड का चेयरमैन बना दिया है जिसे क्रिकेट के बारे में कुछ पता ही नहीं है। इसके बाद शोएब अख्तर ने गुस्से में नकवी को जाहिल तक कह दिया. उन्होंने कहा, आपको पता है कि दुनिया का सबसे बड़ा क्राइम क्या है ? दुनिया का सबसे बड़ा क्राइम ये है कि अयोग्य व्यक्ति को बड़ा पद दे दें। जब आप अयोग्य और जाहिल बंदे को बड़ा काम दें देंगे तो वो मुल्क को तबाह कर देगा। मिसाल आपके सामने है। आपकी टीम (भारत) बहुत आगे चली गई है और हम बहुत पीछे रह गए हैं। कोई मुकाबला है ही नहीं. अब तो बस TRP के ही चक्कर हैं। बस टीवी पर बेचो। मैदान पर कोई मुकाबला नज़र नहीं आ रहा। लेकिन, मैं उम्मीद करता हूं कि पाकिस्तान नामीबिया से जीते और, आगे कोई चमत्कार हो। अब मैं तो पाकिस्तान का साथ देना नहीं छोड़ सकता। मैं तो साथ देता ही रहूंगा।
पाकिस्तान भारत से जब भी मैच हारता है तो वहां के लोगों के टीवी तोड़ने की खबरें आती हैं, लेकिन शोएब अख्तर को नहीं लगता कि अब ऐसा कुछ होगा। शोएब ने कहा, अब वो दिन गए। हमें तो मैच हारना ही था। हम क्यों टीवी तोड़ें ? अपने पैसे बचाएंगे। बाकी, आप अच्छा खेल रहे हो।
आपको बता दें कि पाकिस्तान की टीम टी20 अंतरराष्ट्रीय में 8 बार भारत से हारी है। कोलंबो में मैच से पहले पाकिस्तान ने काफी माहौल बनाया था कि वह मैच का बायकॉट करेगा। लेकिन इसके बाद वह मैच खेला भी और हारा भी।