महज 21 साल की उम्र में शेफाली वर्मा ने वर्ल्ड कप में रच दिया इतिहास, तोड़ा वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड

आत्मविश्वास से भरी शेफाली ने इनिंग्स की शुरुआत में स्मृति मंधाना के साथ मिलकर 104 रनों की पार्टनरशिप की। इसके साथ ही उन्होंने 52 सालों के विश्वकप के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों से दर्ज करवा लिया।

By Moumita Bhattacharya

Nov 02, 2025 23:59 IST

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप (ICC Women's World Cup) के फाइनल में दक्षिण अफ्रिका के खिलाफ खेलते हुए 50 ओवर पर 298 रनों की शानदार पारी खेली। इस मैच में बतौर ओपनर मैदान में उतरीं शेफाली वर्मा (21) ने इतिहास ही रच डाला है। शेफाली वनडे विश्वकप के फाइनल (पुरुष अथवा महिला दोनों) में अर्द्ध शतक लगाने वाली सबसे कम उम्र की बैटर बन गयी है।

आत्मविश्वास से भरी शेफाली ने इनिंग्स की शुरुआत में स्मृति मंधाना के साथ मिलकर 104 रनों की पार्टनरशिप की। इसके साथ ही उन्होंने 52 सालों के विश्वकप के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों से दर्ज करवा लिया।

शेफाली वर्मा के नाम रिकॉर्ड

शेफाली ने मात्र 21 साल 278 दिन की आयु में वनडे विश्वकप के फाइनल में सबसे कम उम्र की क्रिकेटर के तौर पर हाफ सेंचुरी लगाया। इससे पहले विश्वकप फाइनल में किसी महिला या किसी भी पुरुष बैटर ने यह कीर्तिमान नहीं गड़ा था। हालांकि भारतीय टीम और उनके प्रशंसक इस हाफ सेंचुरी को सेंचुरी में बदलने का इंतजार कर रहे थे लेकिन शेफाली 78 गेंदों पर 87 रन बनाकर आउट हो गयी।

महिला विश्वकप फाइनल में हाफ सेंचुरी लगाने वाली सबसे कम उम्र की बैटर

शेफाली वर्मा - 21 साल 278 दिन (भारत) - 2025

जेसिका डफीन - 23 साल 235 दिन (ऑस्ट्रेलिया) - 2013

नैट स्किवर ब्रांट - 24 साल 337 दिन (इंग्लैंड) - 2017

शेफाली वर्मा ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी जेसिका डफीन का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 2013 में वेस्ट इंडिज़ के खिलाफ महिला विश्वकप के फाइनल में 23 साल 235 दिन की उम्र में हाफ सेंचुरी बनाया था। तीसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड की नैट स्किवर ब्रांट ने 2017 में भारत के खिलाफ 24 साल 337 दिन की उम्र में अर्द्ध शतक लगाया था।

वीरेंद्र सेहवाग का रिकॉर्ड भी तोड़ा

शेफाली वर्मा की आक्रामक बैटिंग की तुलना हमेशा से ही भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग से की जाती है। शेफाली ने वनडे विश्वकप के फाइनल में सबसे कम उम्र में हाफ सेंचुरी बनाने का सहवाग का रिकॉर्ड भी तोड़ डाला है।

विश्वकप (महिला और पुरुष) में सबसे कम उम्र में जड़ा अर्द्ध शतक

शेफाली वर्मा - 21 साल 278 दिन (भारत) - 2025 (महिला)

जेसिका डफीन - 23 साल 235 दिन (ऑस्ट्रेलिया) - 2013 (महिला)

वीरेंद्र सहवाग - 24 साल 154 दिन (भारत) - 2003 (पुरुष)

साल 2003 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्वकप फाइनल में 24 साल 154 दिन की उम्र में बल्लेबाजी करने उतरे वीरेंद्र सहवाग ने हाफ सेंचुरी बनाकर भारत के सबसे कम उम्र के पुरुष क्रिकेटर बनने का खिताब अपने नाम कर लिया था। वह रिकॉर्ड आज भी याद किया जाता है लेकिन शेफाली वर्मा भी जरूर चाहेंगी कि महिला और पुरुष दोनों तरह के विश्वकप में बतौर सबसे कम उम्र की बैटर का खिताब उन्होंने जिस मैच में पाया है, उस मैच को जीतकर भारतीय महिला टीम इतिहास में अपना नाम दर्ज करवा ले।

Prev Article
तीसरे टी20 में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया, 1-1 की बराबरी पर पहुंची सीरीज
Next Article
बाहर नहीं हुए लेकिन केवल 3 गेंद खेलने के बाद शुभमन को मैदान छोड़ना पड़ा, आखिर क्यों ?

Articles you may like: