टी-20 विश्व कप 2026 शुरू होने में अब सिर्फ डेढ़ महीने का समय बाकी है। इस बार यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका में आयोजित हो रहा है। अपने घरेलू मैदान पर डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में भारतीय टीम खिताब बचाने उतरेगी। भारत एक बार फिर खिताब का प्रबल दावेदार है इसका सबूत यह है कि 20 भाग लेने वाली टीमों में सबसे पहले भारतीय टीम की घोषणा की गई। हालांकि इस बार की टीम पहले की तुलना में काफी बदली हुई है, क्योंकि स्क्वॉड में 7 बड़े बदलाव किए गए हैं।
शनिवार, 20 दिसंबर को बीसीसीआई के मुख्यालय में 2026 टी-20 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की गई। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत इस बार खिताब बचाने उतरेगा। इस टीम में सूर्यकुमार समेत कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं, जो 2024 की विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा थे। वहीं अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा जैसे नए चेहरे भी शामिल हैं, जो पहली बार विश्व कप खेलेंगे।
रोहित-विराट समेत कई चैंपियन बाहर
दोनों स्क्वॉड की तुलना करने पर पता चलता है कि 2024 विश्व कप में खेलने वाले 7 खिलाड़ी इस बार टीम में नहीं हैं। इनमें सबसे बड़े नाम पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के हैं। दोनों ने ही पिछला विश्व कप जीतने के बाद टी-20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। उनके साथ ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भी संन्यास की घोषणा की थी।
इसके अलावा चार और खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया गया है। उस समय भी अजीत अगरकर मुख्य चयनकर्ता थे और इस बार भी वही जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस बार उन्होंने ऋषभ पंत, मोहम्मद सिराज, यशस्वी जायसवाल और युजवेंद्र चहल को टीम में जगह नहीं दी। इनमें से केवल जायसवाल के चयन की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें भी मौका नहीं मिला।
कौन खेल रहा है पहला विश्व कप ?
नई स्क्वॉड में शामिल खिलाड़ियों ने पिछले डेढ़ साल में अपनी जगह मजबूत की है। ओपनिंग में रोहित की जगह अभिषेक शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय टीम से बाहर रहने के कारण पिछला विश्व कप नहीं खेल पाए ईशान किशन की भी वापसी हुई है, हालांकि वह 2021 के टी-20 विश्व कप का हिस्सा रह चुके हैं।
पिछली बार रिजर्व में रहे रिंकू सिंह को इस बार मुख्य स्क्वॉड में शामिल किया गया है। इसके अलावा स्पिनर वरुण चक्रवर्ती, ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर, टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज़ तिलक वर्मा और तेज गेंदबाज हर्षित राणा को टीम में जगह मिली है। इनमें अभिषेक, तिलक, हर्षित, सुंदर, वरुण और रिंकू ये सभी पहली बार टी-20 विश्व कप खेलेंगे।