🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

अंडरवर्ल्ड डॉन हाजी मस्तान की बेटी ने प्रधानमंत्री से लगायी मदद की गुहार, तीन तलाक खत्म करने पर की तारीफ

हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान मिर्ज़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मदद मांगी है।

By Kaushik Bhattacharya, Posted By : Moumita Bhattacharya

Dec 21, 2025 20:51 IST

हाजी मस्तान जिसके नाम से 60-70 के दशक में पूरी मुंबई कांपा करती थी। अंडरवर्ल्ड का बेताज बादशाह जिसने दाऊद इब्राहिम तक को अपना साम्राज्य खड़ा करने में मदद की थी। उसी हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान मिर्ज़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मदद मांगी है।

हसीन मस्तान ने दुष्कर्म और हत्या की कोशिश का आरोप लगाते हुए न्याय की अपील की है। सिर्फ इतना ही नहीं तीन तलाक खत्म करने को लेकर हसीन मस्तान ने पीएम मोदी की तारीफ भी की है।

रविवार को ANI को दिए एक इंटरव्यू में हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान अपनी पिछली जिंदगी के बारे में बताते हुए भावुक हो जाती है। उसने आरोप लगाया कि परिवार वालों ने 1996 में उसकी मर्जी के खिलाफ उसकी शादी कर दी थी। उसके बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक तौर पर अत्याचारों का सामना करना पड़ रहा है।

हसीन मस्तान का आरोप

इंटरव्यू के दौरान हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान मिर्ज़ा ने बताया कि उसकी शादी उसके चचेरे भाई से हुई थी। हसीन ने अपने पति पर कई आरोप लगाए हैं जिसमें यौन उत्पीड़न, हत्या की कोशिश और सम्पत्ति हड़पने की साजिश रचना आदि शामिल है। उसका कहना है कि मैं तब छोटी थी। पहचान छिपाकर मेरी शादी करवायी गयी। लेकिन वह आदमी (पति) पहले से शादीशुदा था।

शादी के बाद उसने मेरा यौन उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। हसीन मस्तान मिर्ज़ा का आरोप है कि मुझे जान से मारने की भी कोशिश की गई। इंटरव्यू में हसीन ने शारीरिक और मानसिक रूप से टूट जाने की बात कहते हुए दावा किया कि उसने तीन बार आत्महत्या करने की कोशिश भी की थी।

हसीन मस्तान का दावा है कि शादी के बाद मायके से कोई रिश्ता नहीं रहा। उसका कहना है कि मुझे मेरे पिता की मौत के बारे में दो साल बाद पता चला। हसीन मस्तान का कहना है कि यौन उत्पीड़न और जबरन शादी जैसे मामलों में तेजी से कार्रवाई करने की जरूरत होती है। पीड़ित को सालों-साल न्याय का इंतजार नहीं कराना चाहिए।

तीन तलाक खत्म करने पर तारीफ

हसीन मस्तान मिर्ज़ा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी शेयर किया। इसमें उसने तीन तलाक कानून को खत्म करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। इस वीडियो में हसीन मस्तान ने कहा कि मोदीजी एक अच्छा कानून लाए हैं। इस्लाम में तीन तलाक का गलत इस्तेमाल हो रहा था। मुस्लिम महिलाएं इस बिल को पास कराने के लिए मोदीजी के साथ हैं।

इसके बाद ही उन्होंने अपनी बात रखी। हसीन ने आरोप लगाया कि लंबे समय तक लड़ने के बावजूद उसे इंसाफ नहीं मिली है। इसीलिए उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संपर्क किया। हसीन ने अनुरोध करते हुए कहा कि सरकार को दुष्कर्म, बाल विवाह और सम्पत्ति हथियाने से संबंधित अपराधों के खिलाफ सख्त कानून लाया जाना चाहिए। अगर सख्त कानून होंगे तो लोग अपराध करने से डरेंगे।

कौन है हाजी मस्तान?

हाजी का जन्म तमिलनाडु में हुआ था। उस पर सोना, इलेक्ट्रॉनिक और लग्जरी सामानों की तस्करी का आरोप लगाया गया था। हालांकि बाद में वह समाज सेवा से जुड़ गया। यह बात जगजाहिर है कि राजनीति, बिजनेस और फिल्म इंडस्ट्री के कई प्रभावशाली लोगों के साथ उसके रिश्ते अच्छे नहीं रहे हैं। 1994 में उसकी मौत हो गई।

Prev Article
‘ईश्वर से बेहतर प्रधानमंत्री मोदी हैं’-जावेद अख़्तर की टिप्पणी से सोशल मीडिया में हलचल
Next Article
घुसपैठ के मुद्दे पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने नरेंद्र मोदी पर साधा निशाना, कहा - अपनी गलती दूसरों पर थोपने की आदत है

Articles you may like: