एई समय, नदिया : सोशल मीडिया पर भारतीय सेना पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम विश्वजीत विश्वास बताया जाता है। जानकारी के अनुसार वह एक बॉडी बिल्डर है। फेसबुक पर भारतीय सेना के बारे में विवादास्पद टिप्पणी के कारण नदिया के आड़ंगघाटा से विश्वजीत को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि विश्वजीत ने इस तरह की टिप्पणी करने को लेकर दुःख व्यक्त किया है।
आरोप है कि नदिया के धानतला थाने के आड़ंगघाटा इलाके का निवासी विश्वजीत विश्वास ने हाल ही में फेसबुक पर लाइव करके किसी व्यक्ति पर व्यक्तिगत हमला किया था। बताया जाता है कि जिस व्यक्ति को लेकर विश्वजीत ने लाइव में भला-बुरा कहा था वह व्यक्ति भारतीय सेना में कार्यरत है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति के सेना में शामिल होने के बारे में बात करते हुए विश्वजीत ने अपशब्दों का प्रयोग किया।
जैसे ही यह वीडियो सामने आया, विवाद खड़ा हो गया। आम लोगों ने इसका विरोध जताना शुरू कर दिया। धानतला थाने सहित कई अन्य थानों में विश्वजीत के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई। इसके बाद शुक्रवार रात को धानतला थाने की पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार को गिरफ्तार व्यक्ति को राणाघाट अदालत में पेश किया गया। विश्वजीत ने कहा कि वह एक लाइव वीडियो था। उसका आरोप है कि किसी व्यक्ति के साथ उसका व्यक्तिगत झगड़ा चल रहा था। वह व्यक्ति उसे बहुत गालियां भी दे रहा था। इसलिए एक विशेष व्यक्ति को जवाब देते हुए उसके मुंह से अपशब्द निकल गए।
विश्वजीत का तर्क है कि मैंने उस गलती के लिए माफी मांगते हुए एक दूसरा वीडियो भी बनाया है। लेकिन लोगों ने उसे स्वीकार नहीं किया। अब कानून जो सजा देगी, मैं सिर झुकाकर स्वीकार करूंगा। उसने कहा कि भारतीय सेना के बारे में इस तरह बुरा बोलने की वजह से मैं खुद भी बहुत दुखी और शर्मिंदा हूं।