बारिश और भूस्खलन की वजह से पूरा उत्तर बंगाल इस समय प्रभावित है। अभी तक 17 लोगों के मारे जाने की सूचना मिली है। दार्जिलिंग समेत पहाड़ी इलाकों के सभी पर्यटकों को होटल में ही रहने की सलाह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिया है। अब पहाड़ से समतल में पर्यटकों को वापस लेकर आने की व्यवस्था प्रशासन की तरफ से की जा रही है।
रविवार को उत्तर बंग राष्ट्रीय परिवहन संस्था (NBSTC) की तरफ से विशेष बस सेवा की शुरुआत की गयी है। राज्य के परिवहन मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने बताया कि दार्जिलिंग से पर्यटकों के लिए स्पेशल बस सेवा की शुरुआत की गयी है। तीन बसों की बुकिंग फुल भी हो चुकी है। उन्हें निर्धारित गंतव्यस्थल पर लौटाया जा रहा है। रात के समय भी बस सेवाएं जारी रहेंगी।
NBSTC सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को सिलीगुड़ी से कोलकाता के रूट पर कुल 3 बसें चलायी जाएंगी। इनमें से एक तेनजिंग नोरगे बस टर्मिनस से शाम को 5.30 बजे खुली। इस बस की बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से की गयी है। दूसरी बस शाम को 6 बजे और तीसरी शाम 7 बजे खुलेगी। इनकी टिकट काउंटर से भी बुक की जा सकेगी। अगर पर्यटक रात के समय सिलीगुड़ी पहुंचते हैं, तो उनके लिए रात के समय स्पेशल बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।