आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ की घटना सामने आयी है। मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में कई लोगों की मौत हो गयी है। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इस घटना में अब तक करीब 12 लोगों की मौत हो गयी है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में लोग घायल भी हो गए हैं।
बताया जाता है कि घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। शनिवार को एकादशी के मौके पर मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी थी। बताया जाता है कि इतनी बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करना मंदिर प्रबंधन के लिए मुश्किल हो गया और उसके बाद ही भगदड़ मचने लगी। धक्कामुक्की में काफी श्रद्धालु गिर गए और इसके बाद परिस्थिति और भी खराब हो गयी।
घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुःख व्यक्त किया है। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार घटना में मृत श्रद्धालुओं के परिवार के लिए उन्होंने 2 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की है। इसके साथ प्रधानमंत्री ऑफिस (PMO) की तरफ से घायलों को ₹50 हजार की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की गयी है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा, 'श्रीकाकुलम के काशीबुग्गा में वेंकटेश्वर मंदिर में जो कुछ भी हुआ है, वह मर्मांतिक है। भक्तों की मृत्यु हृदयविदारक है। उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है।' साथ ही उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दे दिए गए हैं। जो श्रद्धालु घायल हुए हैं उनके इलाज की व्यवस्था करने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की है।
बताया जाता है कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया है।