नई दिल्ली: कांग्रेस नेता शशि थरूर ने शनिवार को केरल के स्थानीय निकाय चुनावों में यूडीएफ (UDF) की जीत की सराहना किया। साथ ही अपने तिरुवनंतपुरम निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए भी उसे बधाई दी। उन्होंने इसे “लोकतंत्र की खूबसूरती” करार दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में थरूर ने कहा कि जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए चाहे वह पूरे राज्य में यूडीएफ के पक्ष में हो या उनके निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में।
उन्होंने लिखा है कि केरल के स्थानीय स्वशासन चुनावों में आज बेहद शानदार नतीजे आए हैं। जनादेश पूरी तरह स्पष्ट है और राज्य की लोकतांत्रिक भावना झलकती है। @UDFKerala को विभिन्न स्थानीय निकायों में शानदार जीत के लिए हार्दिक बधाई। यह एक बड़ा समर्थन है और राज्य विधानसभा चुनावों से पहले एक मजबूत संदेश देता है। कड़ी मेहनत, स्पष्ट संदेश और सत्ता विरोधी लहर ने 2020 की तुलना में कहीं बेहतर नतीजे दिलाए हैं।
थरूर ने कहा कि वह तिरुवनंतपुरम में भाजपा के ऐतिहासिक प्रदर्शन को भी स्वीकार करते हैं और शहर निगम में उसकी अहम जीत के लिए विनम्रतापूर्वक बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत राज्य की राजधानी के राजनीतिक परिदृश्य में एक बड़ा बदलाव दर्शाती है। उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने 45 वर्षों के एलडीएफ (LDF) के कुशासन के खिलाफ बदलाव के लिए प्रचार किया था, लेकिन मतदाताओं ने अंततः एक ऐसी पार्टी को चुना जिसने भी शासन में बदलाव की बात की थी।
तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने कहा कि यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए चाहे वह पूरे राज्य में यूडीएफ के लिए हो या मेरे निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के लिए। हम केरल के विकास के लिए काम करते रहेंगे, जनता की जरूरतों की आवाज़ उठाएंगे और सुशासन के सिद्धांतों को बनाए रखेंगे। आगे बढ़ते रहें!
राज्य की राजधानी में ‘कमल’ खिला जब भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही सीपीआई(एम) के नेतृत्व वाले एलडीएफ का 45 साल पुराना शासन खत्म हो गया। तिरुवनंतपुरम नगर निगम में जीत 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा के लिए एक बड़ा मनोबल बढ़ाने वाला कदम मानी जा रही है, खासकर राजधानी क्षेत्र में।
तिरुवनंतपुरम नगर निगम की 101 वार्डों में से भाजपा ने 50, एलडीएफ ने 29, यूडीएफ ने 19 और दो वार्ड निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीते। भाजपा निगम में पूर्ण बहुमत से सिर्फ एक सीट पीछे रह गई। इसके अलावा, एनडीए ने कांग्रेस-नीत यूडीएफ से कड़ी टक्कर के बाद पालक्काड नगरपालिका को बरकरार रखा और त्रिप्पुनिथुरा नगरपालिका कांग्रेस से छीन ली। त्रिशूर में, जहां से सुरेश गोपी ने पिछले साल लोकसभा चुनाव जीता था, भाजपा ने कोडुंगल्लूर नगरपालिका की 46 में से 18 वार्ड, त्रिशूर नगर निगम में 8, गुरुवायूर और वडक्कनचेरी नगरपालिकाओं में 2-2, कुन्नमकुलम नगरपालिका में 7, इरिंजलाकुडा नगरपालिका में 6 और चालाकुडी नगरपालिका में 1 वार्ड जीता।