रीवा/लखनऊः राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख स्तंभ, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. रामविलास वेदांती महाराज का मध्य प्रदेश के रीवा में हृदयाघात से निधन हो गया। वे 67 वर्ष के थे।
वेदांती महाराज को रविवार सुबह श्याम शाह मेडिकल कॉलेज से संबद्ध सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार वे सेप्टीसीमिया से पीड़ित थे। संक्रमण काफी फैल चुका था, उनका रक्तचाप अत्यंत कम हो गया था और किडनियों ने काम करना बंद कर दिया था। रविवार रात उन्हें हृदयाघात हुआ, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। खराब दृश्यता के कारण उन्हें एयर एम्बुलेंस से भोपाल एम्स ले जाना संभव नहीं हो सका और सोमवार सुबह उनका निधन हो गया।
वेदांती महाराज का जन्म 7 अक्टूबर 1958 को रीवा के गुड़हवा (गुढ़) गांव में हुआ था। वे उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ और मछलीशहर लोकसभा क्षेत्रों से सांसद रह चुके थे। वर्तमान में वे रीवा जिले के भठवा (लालगांव) में कथा वाचन कर रहे थे। उनके शिष्य छोटे दास महाराज ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार अयोध्या में किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका गोलोकगमन आध्यात्मिक जगत और सनातन संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अयोध्या के विकास और राम जन्मभूमि आंदोलन में वेदांती महाराज के योगदान को ऐतिहासिक बताते हुए उनके त्यागमय जीवन को प्रेरणास्रोत बताया।