नई दिल्ली: बिहार के मंत्री और विधायक नितिन नवीन ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
45 वर्षीय नितिन नवीन भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हैं। बिहार से पांच बार विधायक रह चुके नितिन नवीन वर्तमान में राज्य के पथ निर्माण मंत्री हैं। इससे पहले वे शहरी विकास एवं आवास तथा विधि विभाग जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। नितिन नवीन जब दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे तो पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों के साथ उनका स्वागत किया। उन्होंने पार्टी मुख्यालय में श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की।
वरिष्ठ भाजपा नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र नितिन नवीन प्रशासनिक अनुभव के साथ-साथ पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते आए हैं। दिल्ली रवाना होने से पहले समाचर एजेंसी एएनआई से बातचीत में नितिन नवीन ने बिहार और अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेरे क्षेत्र की जनता ने मुझे आशीर्वाद दिया है। उन्हीं के आशीर्वाद से आज यह संभव हो पाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भी मार्गदर्शन और विश्वास के लिए आभार जताया।
बिहार भाजपा अध्यक्ष और मंत्री दिलीप जायसवाल भी दिल्ली रवाना होते समय नितिन नवीन के साथ थे। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन युवा हैं और यह पूरे देश तथा युवाओं को संदेश देता है कि भाजपा ने 45 वर्षीय युवा नेता को राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया है।