जम्मू: सोमवार सुबह अचानक जम्मू-कश्मीर के व्यापक इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, सुबह 5 बजकर 35 मिनट पर कंपन महसूस हुआ। उस समय अधिकांश लोग गहरी नींद में थे लेकिन जैसे ही झटके महसूस हुए, लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.8 मापी गई। वहीं, इसी दिन अंडमान में भी हल्का भूकंप दर्ज किया गया।
जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में था। इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे, 33.9 डिग्री उत्तर अक्षांश और 74.76 डिग्री पूर्व देशांतर पर स्थित था। भूकंप के केंद्र से महज 4 किलोमीटर दक्षिण में चरार-ए-शरीफ, 13 किलोमीटर पूर्व में पुलवामा और 21 किलोमीटर दूर श्रीनगर स्थित है। इन सभी इलाकों के साथ शोपियां और आसपास के क्षेत्रों में भी झटके महसूस किए गए। इस भूकंप से अब तक किसी प्रकार के नुकसान या जानमाल के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है।
अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में भूकंप
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, सोमवार सुबह अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में एक और भूकंप महसूस किया गया। सुबह 3 बजकर 31 मिनट पर यह झटका महसूस हुआ, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 थी। इसका केंद्र निकोबार क्षेत्र में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।